UP: अष्टमी से शुरू होगा श्री रामचरितमानस का अखंड पाठ, रामनवमी पर होगी पूर्णाहुति

UP: अष्टमी से शुरू होगा श्री रामचरितमानस का अखंड पाठ, रामनवमी पर होगी पूर्णाहुति
  • सभी जिलो में होगा अखंड पाठ, श्रीरामलला के सूर्य तिलक के साथ होगी पूर्णाहुति: जयवीर सिंह

लखनऊ: अष्टमी एवं रामनवमी के अवसर पर प्रमुख शक्तिपीठों एवं मंदिरों में रामचरितमानस का अखण्ड पाठ किया जायेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा है कि यह पाठ चयनित भजन मंडलियों द्वारा किया जायेगा और इसके लिए इन्हें पांच हज़ार रूपये का मानदेय दिया जायेगा। जयवीर सिंह ने यह भी बताया कि इस बार विशेष रूप से महिलाओं और बालिकाओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। देवी मंदिरों एवं शक्तिपीठों में महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष अभियान भी संचालित किए जाएंगे। सभी जिलों में 24 घंटे का श्रीरामचरिमानस का अखंड पाठ कराने के निर्देश दिए गए हैं। पांच अप्रैल दोपहर से प्रारंभ अखण्ड मानस पाठ की पूर्णाहुति छह अप्रैल को श्रीरामनवमी के दिन श्रीरामलला के सूर्य तिलक के साथ होगी।

मंदिरों और शक्तिपीठों में विशेष अनुष्ठान भी होंगे

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने यह भी निर्देश दिए हैं कि अष्टमी (पांच अप्रैल) और श्रीराम नवमी (छह अप्रैल) को प्रदेश के प्रमुख राम मंदिरों,  हनुमान मंदिरों, देवी मंदिरों, वाल्मीकि मंदिरों और शक्तिपीठों में विशेष अनुष्ठान होंगे। जिलों में स्थानीय भजन मंडलियों और लोक कलाकारों की प्रस्तुति सुनिश्चित करने के लिए समितियों का गठन किया गया है। इस संबंध में शासनादेश जारी करा दिया गया है। कार्यक्रम व्यवस्थाओं के लिए अतिरिक्त धनराशि आवंटित की जाएगी। संस्कृति विभाग की ई-डायरेक्टरी के माध्यम से कलाकारों का चयन किया गया है।

Post Comment

You May Have Missed