नई दिल्ली: मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने से आंधी और बारिश का असर है। रविवार (15 मार्च) को उत्तर प्रदेश के 35 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। वहीं, राजस्थान के 10 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी है। मध्य प्रदेश के भी 12 जिलों में बारिश की संभावना है।
मध्य प्रदेश में हीटवेव के कारण हीट स्ट्रोक की भी चेतावनी है। नर्मदापुरम जिले का तापमान पिछले तीन दिन से लगातार 40°C से ज्यादा बना हुआ है। शनिवार को भी 40.4°C रहा। ऐसे में हीट स्ट्रोक खतरा है। पहाड़ी राज्यों की बात करें तो उत्तराखंड के 12 जिलों में आंधी-बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
राज्यों में मौसम का हाल
बारिश-ओले: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश।
बारिश-बिजली: राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल।
हीट वेव: महाराष्ट्र।
क्या होता है पश्चिमी विक्षोभ?
पश्चिमी विक्षोभ मौसम की एक ऐसा सिस्टम है, जो भारत के उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में बारिश, बर्फबारी और ठंडी हवाएं लेकर आता है। इसे अंग्रेजी में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस कहा जाता है। यह हवा और बादलों का एक समूह होता है जो पश्चिम दिशा से (यूरोप, भूमध्य सागर क्षेत्र से) चलकर अफगानिस्तान-पाकिस्तान होते हुए भारत तक आता है। जब यह भारत पहुंचता है, तो मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी-हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी करवाता है।
इसे ऐसे समझिए, पश्चिम की तरफ से आए बादल जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ों से टकराते हैं तो यहां बर्फबारी होती है। इससे पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में बारिश हो सकती है।
कब ज्यादा सक्रिय होता है?
मुख्य रूप से सर्दियों (दिसंबर से मार्च) में।
कभी-कभी फरवरी-मार्च में ओलावृष्टि और तेज बारिश भी होती है।
अगले 2 दिन मौसम का हाल
16 मार्च- मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम में गरज के साथ बिजली का अलर्ट है। महाराष्ट्र में बारिश की संभावना है।
17 मार्च- जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश/ओलावृष्टि के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट है, जबकि दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मौसम साफ से आंशिक बादलों वाला रहेगा।