नई दिल्ली: देश के कई राज्यों में घने कोहरे और शीतलहर से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। हिमाचल प्रदेश में ताबो 24 घंटे में सबसे सर्द रहा, यहां का तापमान माइनस 2.6° रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने 22 और 23 जनवरी को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी, मध्य और निचले इलाकों में बारिश की संभावना जताई है।
वहीं, उत्तराखंड के चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचे इलाकों में शनिवार को बर्फबारी हुई। उत्तर प्रदेश के 50 से ज्यादा जिलों में कोहरे के वजह से विजिबिलिटी 50 मीटर से कम रही। लखनऊ एयरपोर्ट पर दुबई से आई फ्लाइट लैंड नहीं कर सकी, जिसे दिल्ली डायवर्ट किया गया। बिहार के 18 जिलों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। 15 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड हुआ है।
कोहरा और शीतलहर
राजस्थान में मौसम विभाग ने 22 जनवरी से एक नया स्ट्रॉन्ग वेदर सिस्टम राजस्थान में एक्टिव होने की आशंका जताई है। इसके प्रभाव से आधे से ज्यादा राजस्थान में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, बिहार, सिक्किम और पश्चिम बंगाल में कोहरे और शीतलहर की आशंका जताई है।
वहीं, 19 जनवरी को उत्तर भारत में सर्दी और कोहरा जारी रहेगा, तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है। राजस्थान और आसपास के कुछ इलाकों में हल्की बारिश/मावठा के आसार हैं।
बिहार के 18 जिलों में आज कोहरे का यलो अलर्ट
बिहार के कई हिस्सों में सुबह और रात के वक्त घना कोहरा बरकरार है। मौसम विभाग ने रविवार को बिहार के 18 जिलों में कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। 15 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड हुआ है। इस दौरान सबसे ठंडा सबौर (भागलपुर) रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री दर्ज किया गया।
उत्तराखंड के चमोली और पिथौरागढ़ में बर्फबारी
उत्तराखंड के चमोली स्थित हेमकुंड साहिब और बद्रीनाथ धाम में बर्फबारी हुई है। इसके साथ ही पिथौरागढ़ में हल्का हिमपात हुआ है। मौसम विभाग ने 18 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है। हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, चम्पावत, पौड़ी और देहरादून में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
पंजाब के 6 जिलों में आज घना कोहरा
पंजाब में 22 जनवरी तक सुबह और रात के समय घनी धुंध रहने का अनुमान जताया गया है। अमृतसर का तापमान 4.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार, आज पंजाब के 6 जिलों में घना कोहरा छाएगा। इसका असर जालंधर में देखने को मिला। यहां देर रात करीब 9 बजे ही घना कोहरा छाने से डीएवी कॉलेज के पास एक कार अनियंत्रित होकर गंदे नाले में जा गिरी। वहीं, शनिवार को कोहरे के कारण हुए सड़क हादसों में गुजरात की लेडी कॉन्स्टेबल सहित छह लोगों की मौत हो गई।
हरियाणा के 7 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
हरियाणा में मौसम विभाग ने 7 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी दी है। खासकर उत्तर और उत्तर-पूर्वी जिलों में सुबह के समय विजिबिलिटी कम रहने की आशंका है। हालांकि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव और हवा बदलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली। अधिकतम व न्यूनतम तापमान दोनों में बीते दिन के मुकाबले हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।