देश-दुनिया, राजनीति

अमेरिका में 22 दिनों से जारी है शटडाउन, कर्ज लेकर घर चला रहे लाखों सरकारी कर्मचारी

अमेरिका में 22 दिनों से जारी है शटडाउन, कर्ज लेकर घर चला रहे लाखों सरकारी कर्मचारी

वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका में 01 अक्टूबर से शुरू हुए सरकारी शटडाउन का बुधवार को 22वां दिन है। यह अमेरिकी इतिहास का दूसरा सबसे लंबा शटडाउन है। इससे पहले 2018 में 35 दिन और 1995 में 21 दिन के लिए शटडाउन रह चुका है। अमेरिकी संसद के ऊपरी सदन में सीनेट में 20 अक्टूबर को फंडिंग बिल पास करने को लेकर 11वीं बार वोटिंग हुई। लेकिन सरकार को जरूरी 60 वोट्स में से सिर्फ 55 वोट्स ही मिल पाए।

शटडाउन की वजह से करीब 7.5 लाख सरकारी कर्मचारी बिना तनख्वाह के छुट्टी पर हैं और उन्हें कर्ज लेकर घर चलाना पड़ रहा है। वहीं, राष्ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने विपक्षी डेमोक्रेट्स पर तंज करते हुए कहा, हम उनके पागलपन भरे दबाव में नहीं आएंगे। उन्होंने डेमोक्रेट्स सांसदों से इस गतिरोध को रोकने की अपील की।

हेल्थ केयर प्रोग्राम को लेकर सहमति नहीं बन पाई

अमेरिका के दोनों प्रमुख दल डेमोक्रेट और रिपब्लिकन में ओबामा हेल्थ केयर सब्सिडी प्रोग्राम को लेकर ठनी हुई गई है। डेमोक्रेट्स चाहते थे कि हेल्थ केयर (स्वास्थ्य बीमा) की सब्सिडी बढ़ाई जाए। रिपब्लिकन को डर है कि अगर सब्सिडी बढ़ाई गई तो सरकार को खर्च करने के लिए और पैसे की जरूरत पड़ेगी, जिससे बाकी सरकारी काम प्रभावित होंगे।

यह शटडाउन चार तरह से अलग है

अमेरिका में पहले भी कई बार शटडाउन लगा है, लेकिन आपसी बातचीत से हल निकल जाता था। हालांकि इस बार दोनों दलों में अहम की लड़ाई छिड़ गई है।

डेमोक्रेट्स का ट्रम्प पर वार: डेमोक्रेट्स स्वास्थ्य बीमा सब्सिडी बचाना चाहते हैं और ट्रम्प के फंड रोकने की पावर को चुनौती दे रहे हैं। पहले सिर्फ बजट की लड़ाई थी।

रिपब्लिकन्स का मौका: ट्रंप इसे सरकारी नौकरियां और डेमोक्रेट प्रोग्राम्स में कटौती का मौका मानते हैं। उन्होंने छंटनी की धमकी दी, जो पहले कम थी।

विश्वास की कमी: पहले देर रात बातचीत से हल निकलता था। अब दोनों एक-दूसरे पर इल्जाम लगा रहे हैं।

अर्थव्यवस्था पर जोखिम: 7.5 लाख कर्मचारी बिना पैसे छुट्टी पर हैं, इससे खर्च घटेगा, बिजनेस रुकेगा। हर हफ्ते 0.2% GDP नुकसान हो रहा है।

22 दिन के शटडाउन का असर

कर्मचारियों पर असर: करीब 7.5 लाख सरकारी कर्मचारी बिना सैलरी के छुट्टी पर हैं। सेना, पुलिस, बॉर्डर सिक्योरिटी और एयर ट्रैफिक कंट्रोलर जैसे जरूरी कर्मचारियों को बिना सैलरी काम करना पड़ रहा है।

हवाई यात्रा और फूड प्रोग्राम: उड़ानें देरी से चल रही हैं और लोअर इनकम वाले परिवारों को फूड सहायता न मिलने का खतरा बढ़ रहा है।

टूरिज्म पर असर: स्मिथसोनियन म्यूजियम बंद हैं। ट्रम्प ने कहा कि इन्हें शायद खोल देना चाहिए।

एटमी हथियार एजेंसी: नेशनल न्यूक्लियर सिक्योरिटी एजेंसी ने 1,400 कर्मचारियों को छुट्टी पर भेजा है। एनर्जी सेक्रेटरी क्रिस राइट ने कहा कि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ है, इससे परमाणु हथियारों की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *