उत्तर प्रदेश, राजनीति

वाराणसी समेत पांच जिलों में बारिश, 48 में आंधी-बिजली और बिजली गिरने से 13 मौतें

वाराणसी समेत पांच जिलों में बारिश, 48 में आंधी-बिजली और बिजली गिरने से 13 मौतें

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं से 48 घंटे में 12 लोगों की मौत हो गई। शनिवार शाम को शुरू हुई बारिश रविवार सुबह भी जारी रही। वाराणसी, गोंडा और सल्तानपुर में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है।

इससे पहले शनिवार को बेमौसम बारिश का सबसे ज्यादा असर कानपुर में देखने को मिला। यहां धूल भरी आंधी के बाद तेज बारिश हुई। ओले गिरे। हैलट अस्पताल में पानी भर गया। अलग-अलग जगहों पर 200 से ज्यादा पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए। बरगद का पेड़ चलते ऑटो पर गिर पड़ा। ऑटो ड्राइवर और 60 साल की महिला की मौत हो गई। महिला बेटी के साथ दवा लेने गई थी।

सीतापुर में बिजली गिरने से मां-बेटी जिंदा जलीं

ललितपुर, झांसी और जालौन में भी ओले गिरे। सड़क और खेतों में ओलों की चादर बिछ गई। इससे गेहूं और सरसों की फसल को नुकसान हुआ। सीतापुर में बिजली गिरने से घर में आग लग गई। मां-बेटी की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 7 साल की बच्ची झुलस गई।

लखनऊ में 1 मार्च से अब तक 19.4 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से 165 फीसदी अधिक है। आंधी-बारिश और बिजली से कानपुर में 4 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद सीतापुर में 3, वाराणसी और चित्रकूट में 2-2, जबकि ललितपुर में 1 व्यक्ति की जान गई है।

आज 23 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज यानी रविवार को 23 जिलों में बारिश और 15 जिलों में ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम बदल गया है। आज और कल ज्यादातर जगहों पर मौसम साफ रहने की संभावना है। 7 अप्रैल से फिर से मौसम बदलेगा। आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। 9 अप्रैल तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है।

सीएम योगी बोले– लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अफसर अलर्ट पर रहें

वहीं, मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा है कि बारिश से किसानों को जो नुकसान हो रहा है, उसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से नुकसान की रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अलर्ट मोड पर रहें। सुनिश्चित करें कि आपदा का असर किसानों पर कम से कम पड़े। अगर कहीं जान-माल या पशुओं का नुकसान हुआ है, या कोई घायल हुआ है, तो 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिलाया जाए।

आज 15 जिलों में गिर सकते हैं ओले

गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, अंबेडकर नगर और आसपास के इलाके।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *