लखनऊ: उत्तर प्रदेश के 44 जिलों में मौसम विभाग ने सोमवार (दो जून) को बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य में 24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश महाराजगंज में 28.9 मिमी दर्ज की गई। जालौन का उरई सबसे गर्म रहा। यहां का तापमान 43.4°C रिकॉर्ड किया गया।
इससे पहले रविवार को गोरखपुर, उन्नाव और हापुड़ में तेज आंधी आई। गोरखपुर के कैंपियरगंज में 1.30 बजे 50km प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। बीएमसीटी रोड पर एक पेड़ मैजिक गाड़ी पर गिर पड़ा। जिससे डेढ़ घंटे तक जाम लगा। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की रोड पर बिजली का पोल गिरने से गुमटी क्षतिग्रस्त हो गई। उन्नाव के सफीपुर में आंधी से पेड़ गिर गया। इससे एक बुजुर्ग को चोट लग गई। लखनऊ में भी तेज हवाएं चलीं। नोएडा-गाजियाबाद में तेज बारिश हुई।
मौसम वैज्ञानिक बोले- 4 डिग्री तक गिरेगा तापमान
वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी यूपी में सोमवार से ही छिटपुट बारिश की शुरुआत हो जाएगी। तराई वाले क्षेत्रों में इस बारिश की वजह से तापमान में भी दो से चार डिग्री की गिरावट की उम्मीद है। उन्होंने बताया मंगलवार को पूरे प्रदेश में बारिश के आसार बन रहे हैं। इससे तापमान में दो से चार डिग्री की कमी दर्ज की जाएगी। अतुल ने बताया कि इसके बाद पांच जून से गर्मी बढ़ना शुरू होगी। तापमान में तीन से पांच डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
12 से 13 जून के बीच यूपी में दस्तक दे सकता मानसून
केरल समय से 10 दिन पहले मानसून की दस्तक देने के बाद यूपी में उत्तर प्रदेश में अगले 10 दिनों में मानसून के पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। यानी 12 से 13 जून के बीच मानसून के दस्तक देने की संभावना है। सामान्य रूप से मानसून के उत्तर प्रदेश में 15 जून के बाद आने की संभावना रहती है। लेकिन इस बार समय से पहले मानसून के दस्तक देने की उम्मीद है।