लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, मैनपुरी और बुलंदशहर सहित 17 जिलों में मंगलवार को लू का अलर्ट है। 10 जिलों का पारा सोमवार दोपहर 40 डिग्री के पार पहुंच गया। प्रदेश में हमीरपुर, झांसी और आगरा सबसे गर्म रिकॉर्ड किए गए। यहां पारा 42 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया।
सोमवार दोपहर ताजमहल पर विदेशी महिला पर्यटक को चक्कर आ गया। वह रायल गेट के पास गश खाकर गिर गई। स्विटजरलैंड की रहने वाली 33 साल की गिया निना की नाभी से काफी खून बहने लगा। हॉस्पिटल में उसे 6 टांके लगाने पड़े हैं। दोपहर में गर्म हवाएं परेशान कर रही हैं। रातें भी गर्म होने लगीं हैं। हवा करीब 20Km प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है।
आज पूर्वी यूपी में गरज-चमक और बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 8 अप्रैल से यूपी में फिर से बदलाव का अनुमान जताया है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो यूपी में सबसे कम अयोध्या 15°C रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञानी मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश में आज से मौसम बदल सकता है। 8 से 12 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। मंगलवार को पूर्वी यूपी में बारिश के आसार हैं।
पश्चिमी विक्षोभ हिमालय को छूकर आ रही
बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर में हिमालय को छूकर आ रहा है। इसका असर मंगलवार शाम तक वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, भदोही सहित पूर्वी यूपी में होगा। तेज हवा के बाद बूंदाबांदी की संभावना बन रही है। हवा में नमी रहेगी।
मौसम विज्ञान विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, गर्मी ने दो साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। 7 अप्रैल 2023 को अधिकतम तापमान 39.8 और 2024 में 36.8 डिग्री सेल्सियस था। इस बार 7 अप्रैल 2025 को अधिकतम पारा 42.2 डिग्री सेल्सियस झांसी और हमीरपुर में रिकॉर्ड हुआ।
6 दिन का कैसे रहेगा मौसम?
- 8 अप्रैल- पूर्वांचल में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। 20-30Km प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
- 9 अप्रैल- पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। 20-30Km प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
- 10 अप्रैल- पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। 20-30Km प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
- 11 अप्रैल- पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। 20-30Km प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
- 12 अप्रैल- पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। 20-30Km प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
- 13 अप्रैल- पूर्वांचल में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। 20-30Km प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।