उत्तर प्रदेश, देश-दुनिया, राजनीति

RSS पर कमेंट मामला: दिग्विजय सिंह से राहुल गांधी ने कहा- आपने गलत किया

RSS पर कमेंट मामला: दिग्विजय सिंह से राहुल गांधी ने कहा- आपने गलत किया

नई दिल्‍ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राष्‍ट्रीय स्‍वयंसेवक संघ (RSS) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर टिप्पणी को लेकर रविवार को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से आपत्ति जताई। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान दोनों नेता आमने-सामने हुए थे।

NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, दिग्विजय सिंह से हाथ मिलाते समय राहुल गांधी ने उन्हें मजाकिया लहजे में कहा, ‘कल आपने गलत व्यवहार कर दिया।’ यह सुनकर आसपास मौजूद नेताओं की हंसी छूट गई। वहां सोनिया गांधी भी मौजूद थीं। वे भी हंसने लगीं। फिर राहुल और दिग्विजय के बीच थोड़ी देर बातचीत हुई।

क्‍या है पूरा मामला?

दरअसल, दिग्विजय सिंह ने 27 दिसंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए RSS और BJP के संगठनात्मक ढांचे की सराहना की थी। तस्वीर में नरेंद्र मोदी और लालकृष्ण आडवाणी दिखाई दे रहे हैं। पोस्ट में दिग्विजय सिंह ने लिखा था- ‘यह बहुत ही प्रभावशाली तस्वीर है। किस प्रकार RSS का जमीनी स्वयंसेवक और भाजपा का कार्यकर्ता नेताओं की चरणों में फर्श पर बैठकर प्रदेश का मुख्यमंत्री और देश का प्रधानमंत्री बना। यह संगठन की ताकत को दिखाता है।’

https://twitter.com/digvijaya_28/status/2004769895092027472

कांग्रेस नेताओं ने दिग्विजय सिंह की आलोचना की

दिग्विजय सिंह के पोस्ट के बाद पार्टी के भीतर उनकी आलोचना होने लगी। उधर, कांग्रेस स्थापना दिवस के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिग्विजय का नाम लिए बिना कहा- ‘कांग्रेस ने कभी संविधान, धर्मनिरपेक्षता और गरीबों के अधिकारों से समझौता नहीं किया है।’

खड़गे ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने कभी धर्म के नाम पर वोट नहीं मांगे और न ही मंदिर-मस्जिद के नाम पर नफरत फैलाई। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने दिग्विजय के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि कांग्रेस को गोडसे की विचारधारा से जुड़े संगठन से कुछ सीखने की जरूरत नहीं है।

मणिक्‍कम टैगोर बोलीं- RSS नफरत फैलाता है

कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने कहा- RSS नफरत के आधार पर बना एक संगठन है और यह नफरत फैलाता है। नफरत से कुछ सीखने को नहीं मिलता। क्या आप अल-कायदा से कुछ सीख सकते हैं? अल-कायदा नफरत फैलाने वाला संगठन है। उस संगठन से क्या सीखा जा सकता है?

दिग्विजय की सफाई– RSS-मोदी की नीतियों का घोर विरोधी हूं

इधर, विवाद बढ़ने के बाद दिग्विजय सिंह ने अपनी सफाई में कहा कि उन्होंने सिर्फ संगठन की तारीफ की थी। उन्होंने कहा कि मैं संगठन का समर्थन करता हूं। मैं RSS, PM मोदी और उनकी नीतियों के खिलाफ हूं।

ANI से बातचीत में दिग्विजय सिंह ने कहा कि विचारधारा को लेकर कोई मतभेद नहीं है। हम सभी कांग्रेस में एकजुट हैं। नेहरू-गांधी परिवार ऐसा परिवार है, जिसमें दो लोगों ने शहादत दी है। भाजपा नेहरू-गांधी परिवार के भीतर मतभेद पैदा करने की कोशिश कर रही है।

भाजपा बोली– दिग्विजय सिंह ने RSS की ताकत को समझा

भाजपा के कई नेताओं ने दिग्विजय सिंह के बयान की सराहना की। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिग्विजय सिंह के बयान का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि RSS लगातार सामाजिक समानता और राष्ट्रीय प्रगति के लिए काम करता रहा है। धीरे-धीरे लोग समझ रहे हैं कि RSS देश को आगे ले जाने का प्रयास कर रहा है, इसलिए उसके आलोचक भी उसकी सराहना कर रहे हैं।

भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने संगठन की ताकत को समझा है, लेकिन कांग्रेस अब भी इसे नहीं समझ पाई है। कांग्रेस एक ही परिवार तक सीमित है और पार्टी में फैसले लेने का अधिकार भी उसी परिवार के पास है। संगठन के लिए काम करने वाले लोगों को पहचान और आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए, जो कांग्रेस में नहीं दिखता।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *