उत्तर प्रदेश, राजनीति

सीएम योगी ने पीएम मोदी को जेवर एयरपोर्ट के लोकार्पण का दिया न्योता, राष्ट्रपति से भी मिले

सीएम योगी ने पीएम मोदी को जेवर एयरपोर्ट के लोकार्पण का दिया न्योता, राष्ट्रपति से भी मिले

नोएडा: उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ शनिवार को दिल्ली दौरे पर पहुंचे। यहां उन्‍होंने सबसे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उनको राधा-कृष्ण की प्रतिमा भेंट की। इसके बाद सीएम ने पीएम मोदी से मुलाकात की और उन्‍हें जेवर एयरपोर्ट के लोकार्पण के लिए आमंत्रित किया।

इसके बाद मुख्‍यमंत्री योगी ने उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की। उनका दिल्ली दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बिहार चुनाव से लेकर 25 नवंबर को अयोध्या में होने वाले ध्वजा कार्यक्रम पर भी चर्चा हो सकती है।

जेवर एयरपोर्ट अथॉरिटी के अफसरों के साथ बैठक

शनिवार सुबह नोएडा में सीएम योगी ने हेलिकॉप्टर से देश के सबसे बड़े जेवर एयरपोर्ट को देखा था। उन्होंने एयरस्ट्रिप निर्माणाधीन टर्मिनल, पार्किंग, ओर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी का सर्वेक्षण किया। इससे पहले उन्होंने एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों संग बैठक की थी।

मुख्‍यमंत्री ने अधिकारियों से कहा, एयरपोर्ट के शुभारंभ से पहले सभी काम पूरे किए जाएं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यूपी की आर्थिक प्रगति, औद्योगिक विस्तार और रोजगार सृजन का केंद्र बनेगा। यह पीएम मोदी के विकसित भारत के विजन को साकार करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। एविएशन मंत्री राम मोहन नायडू ने एयरपोर्ट उद्घाटन की नई तारीख 30 अक्टूबर तय की है। प्रधानमंत्री मोदी एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। हालांकि, अभी तारीख आगे बढ़ सकती है।

एयरपोर्ट के उद्घाटन की नई तारीख 30 अक्टूबर

एयरपोर्ट के पहले फेज का काम 29 सितंबर 2024 तक पूरा होना था। दिसंबर 2024 में इसका उद्घाटन होना था। लेकिन काम पूरा नहीं होने पर इसकी डेट अप्रैल 2025 तय की गई। इसके बाद मानसून आने की वजह से काम में रुकावट आ गई।

मुख्‍यमंत्री ने शनिवार को जेवर एयरपोर्ट का हवाई सर्वेक्षण किया। इसी सर्वेक्षण के रिपोर्ट के आधार पर अब पीएम मोदी से समय की मांग करेंगे। उम्मीद की जा रही है कि नवंबर या दिसंबर में ही एयरपोर्ट का उद्घाटन किया जाएगा। अधिकारियों ने सीएम को एयरपोर्ट की प्रोग्रेस रिपोर्ट पर प्रेजेन्टेशन दी। बैठक में पहले चरण के निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति और आगामी चरणों की योजनाओं पर चर्चा हुई। योगी ने अधिकारियों के साथ एयरपोर्ट से जुड़ी सुविधाओं, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और यात्री सेवाओं की तैयारियों का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान इन जगहों का दौरा किया

सीएम योगी आदित्यनाथ ने निरीक्षण के दौरान एयरस्ट्रिप, टर्मिनल, एयरब्रिज और अन्य निर्माणाधीन साइटों का दौरा किया। बैठक में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और मंत्री बृजेश सिंह भी मौजूद रहे। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है और उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अनुमान है कि एयरपोर्ट के संचालन से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में रोजगार और निवेश के नए अवसर सृजित होंगे।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *