उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, देश-दुनिया, राजनीति

केंद्र सरकार ने किया स्‍पष्‍ट, कहा- देश में लॉकडाउन नहीं लगेगा, डर का माहौल न बनाएं

केंद्र सरकार ने किया स्‍पष्‍ट, कहा- देश में लॉकडाउन नहीं लगेगा, डर का माहौल न बनाएं

नई दिल्‍ली: पश्चिम एशिया संकट के बीच देश में लॉकडाउन लगने की खबरें फैलने लगी हैं। हालांकि, केंद्र सरकार ने शुक्रवार (27 मार्च) को स्‍पष्‍ट करते हुए कहा कि देश में लॉकडाउन नहीं लगेगा। सरकार के तीन बड़े मंत्री निर्मला सीतारमण, किरेन रिजिजू और हरदीप पुरी ने बयान जारी करते हुए कहा कि ये सिर्फ अफवाहें हैं। रिजिजू ने कहा है कि हालात काबू में हैं। पीएम मोदी खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी कहा कि डर का माहौल न बनाएं। सरकार का लॉकडाउन लगाने का कोई इरादा नहीं है।

दरअसल, लॉकडाउन की अफवाहें प्रधानमंत्री मोदी के चार दिन पहले संसद में दिए गए बयान के बाद शुरू हुई थीं। उन्होंने कहा था कि इस युद्ध के कारण दुनिया में जो कठिन हालात बने हैं, उनका प्रभाव लंबे समय तक बने रहने की आशंका है। हम कोरोना के समय भी एकजुटता से ऐसी चुनौतियों का सामना कर चुके हैं। प्रधानमंत्री आज शाम सभी मुख्यमंत्रियों से बात भी करने वाले हैं।

रिजिजू बोले– ये पूरी तरह से अफवाह, पैनिक मत हो

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि ये सब कौन अफवाह उड़ा रहा है। पीएम ने साफ तौर पर कहा था कि पैनिक नहीं होना है। जमाखोरियों को चेतावनी दी है। राज्य सरकारों से कहा है कि कोई भी होर्डिंग न करे। भारत सरकार के कंट्रोल में पूरी स्थिति है। आम लोगों को तकलीफ न हो इसके लिए टॉप लेवल से लेकर नीचे लेवल तक यहां तक कि पीएम खुद मॉनीटर कर रहे हैं।

हरदीप पुरी बोले– बेवजह डर का माहौल बनाना गैर-जिम्मेदाराना

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहें पूरी तरह गलत हैं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि सरकार के स्तर पर ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। ऐसे समय में जरूरी है कि हम सभी शांत, जिम्मेदार और एकजुट रहें। इस तरह की स्थिति में अफवाह फैलाना और बेवजह डर का माहौल बनाना गैर-जिम्मेदाराना है।

सीतारमण बोलीं– मेरा भरोसा, कोई लॉकडाउन नहीं लगेगा

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि मुझे हैरानी है कि कुछ नेता कह रहे हैं कि लॉकडाउन होगा और फ्यूल की कमी होगी। ये बेबुनियाद बातें हैं। राजनीतिक डोमेन में बैठे लोगों की तरफ से ऐसी बातें चिंता की बात हैं। कोविड के दौरान जैसा लॉकडाउन हमने देखा, वैसा कोई लॉकडाउन नहीं होगा। मैं लोगों को भरोसा दिलाना चाहती हूं कि कोविड के दौरान जैसा लॉकडाउन हमने देखा, वैसा कोई लॉकडाउन नहीं होगा।

पीएम मोदी ने संसद में कही थी ये बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 मार्च को संसद में बयान देते हुए कहा कि युद्ध के कारण दुनिया में जो कठिन हालात बने हैं, उनका प्रभाव लंबे समय तक बने रहने की आशंका है। इसलिए हमें तैयार रहना होगा। हम कोरोना के समय भी एकजुटता से ऐसी चुनौतियों का सामना कर चुके है, अब हमें फिर से उसी तरह तैयार रहने की आवश्यकता है। धीरज के साथ, संयम के साथ, शांत मन से हमें हर चुनौती का मुकाबला करना है।

कोविड जैसे हालात पर विपक्ष के 2 बयान

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा था कि मोदी जी ने कह दिया कि कोविड जैसा समय आने वाला है। कोविड में जो किया था वो भूल गए कि कितने लोग मरे थे। कैसी दुखद स्थिति हुई थी।

कांग्रेस के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था कि कोविड महामारी के दौरान हुई दुखद पीड़ा को नहीं भूला जा सकता जब 40 लाख से ज्यादा जानें चली गईं। अनगिनत नागरिक ऑक्सीजन जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष करते रह गए। ऐसे में पीएम क्या 140 करोड़ भारतीयों को एक बार फिर खुद ही ऊर्जा संकट के साथ-साथ भोजन, उर्वरक और महंगाई के बढ़ते दबाव जैसे संकट का सामना करने के लिए कह रहे हैं।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *