नई दिल्ली: बढ़ते प्रदूषण और ठंड की दस्तक की वजह से दिल्ली स्मॉग की चादर में ढक चुकी है। कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता खतरनाक लेवल पर पहुंच चुकी है। दिवाली की रात से ही दिल्ली एनसीआर की हवा जहरीली बनी हुई है। रविवार सुबह आनंद विहार और वजीरपुर में लगातार दूसरे दिन AQI लेवल 400 से ज्यादा दर्ज हुआ। इधर, पंजाब के कपूरथला में AQI लेवल 1000 से ज्यादा रिकॉर्ड हुआ। यह सबसे ज्यादा खतरनाक माना जाता है।
हिमालय से सटे राज्यों में अक्टूबर में हुई बर्फबारी के बाद से तापमान में गिरावट जारी है। उत्तराखंड के चमोली में भारत-चीन बॉर्डर के पास लगभग 18 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित देवताल झील पूरी तरह से जम गई है। उधर, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र आंध्रप्रदेश की तरफ बढ़ता जा रहा है। 27 अक्टूबर को यह चक्रवात में बदल सकता है। इसे मोन्था नाम दिया है, जो थाईलैंड ने दिया है, जिसका अर्थ है सुगंधित फूल या सुंदर फूल।
मोन्था को लेकर ओडिशा में अलर्ट, प्रशासन बोला- पूरी तैयारी
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन 26 अक्टूबर तक डीप डिप्रेशन में बदल जाएगा और 27 अक्टूबर की सुबह तक चक्रवात मोन्था में बदल जाएगा। यह 28 अक्टूबर की शाम या रात को आंध्रप्रदेश के काकीनाड़ा के पास तट से टकरा सकता है। तूफान के दौरान 90–100 kmph की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
वहीं, चक्रवात मोन्था के खतरे को देखते हुए ओडिशा फायर विभाग पूरी तरह अलर्ट पर है। विभाग ने बताया कि 27 से 29 अक्टूबर के बीच तूफान के असर की आशंका है। सभी जरूरी इंतजाम कर लिए गए हैं। फायर ब्रिगेड अधिकारियों ने कहा है कि वे पूरी तरह तैयार हैं। सभी पावर बोट, OBM, पावर कटर और पोर्टेबल लाइट्स तैयार रखी हैं ताकि अंधेरे में भी राहत और बचाव किया जा सके।
सदर इलाके में लैंडफॉल की संभावना
बालासोर डीएम ने कहा कि चक्रवात के बाद सदर इलाके में लैंडफॉल की संभावना है। मौसम विभाग ने 27 से 29 अक्टूबर तक यलो अलर्ट और 30 अक्टूबर को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सभी विभागों 24 घंटे एक्टिव हैं। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है, सूखी राशन सामग्री का इंतजाम किया गया है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।
तीन राज्य, जहां च्रकवात मोन्था का असर दिखेगा
- आंध्र प्रदेश: 27 से 28 अक्टूबर तक यनम और रायलसीमा के कई इलाकों में भारी बारिश की आशंका है। तूफान से निपटने के लिए आज राज्य में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
- ओडिशा: 28 और 29 अक्टूबर को कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। सबसे संवेदनशील जिलों में गंजम, गजपति, रायगढ़, कोरापुट और मलकानगिरी शामिल हैं।
- तमिलनाडु: राज्य में कई जगहों पर बारिश की संभावना है। 26 से 28 अक्टूबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। चेन्नई में सबसे ज्यादा बारिश का अलर्ट है।