उत्तर प्रदेश, राजनीति

फतेहपुर में पटाखा मार्केट में लगी भीषण आग, 70 दुकानों में 3 करोड़ के पटाखे दगे; 50 बाइकें भी राख

फतेहपुर में पटाखा मार्केट में लगी भीषण आग, 70 दुकानों में 3 करोड़ के पटाखे दगे; 50 बाइकें भी राख

फतेहपुर: उत्‍तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पटाखा मार्केट में रविवार (19 अक्‍टूबर) को भीषण आग लग आई। इस हादसे में लगभग 70 दुकानें जल गईं, जिनमें करीब तीन करोड़ रुपये के पटाखे दग गए। इसके अलावा पटाखा लेने आए लोगों की 50 से ज्यादा बाइकें भी आग की चपेट में आ गई। हादसा दोपहर 12.30 बजे हुआ।

दरअसल, शहर में एमजी कॉलेज के ग्राउंड में पटाखा मंडी है। यहां बड़ी संख्या में लोग पटाखे लेने पहुंचे हुए थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान शॉर्ट सर्किट से एक दुकान में आग लग गई। इसके बाद आग बेकाबू हो गई। एक के बाद एक दुकानों में आग लगती चली गई। पटाखे रखे होने के चलते विस्फोट होना शुरू हो गए। हादसे के बाद दो किमी तक धुआं उठता देखा गया।

हादसे में छह लोग झुलस गए

आग लगने से मंडी में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब 6 लोग झुलस गए। इनको एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। बालू, बाल्टी से पानी और सिलेंडरों से आग बुझाई गई। दुकानदारों ने बताया- दुकान नंबर 2 से आग लगी। डेढ़ घंटे में 400 से अधिक धमाके हुए। 2 बजे तक धमाके होते रहे। सारी दुकानें जल गईं।

चीफ फायर अधिकारी जयवीर सिंह सिंह ने बताया कि आग सबसे पहले एक दुकान में लगी। फिर तेजी से पूरी मंडी में फैल गई। 15-20 मिनट में पूरी मंडी को कवर कर लिया। 65-70 दुकानें पूरी तरह से जल गईं। साथ ही 30 से ज्यादा बाइक-स्कूटी भी जल गईं। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं हैं। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंच आग को बुझाया।

व्यापारियों को मुआवजा देना चाहिए

गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल ने प्रशासन पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह घटना पूरी तरह लापरवाही का नतीजा है। मंडी से कुछ ही दूरी पर फायर स्टेशन होते हुए भी दमकल देर से पहुंची। सरकार को सभी प्रभावित व्यापारियों को मुआवजा देना चाहिए।

सामने फायर विभाग, कहीं तो बड़ी चूक

सूचना पर भाजपा के जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल भी मौके पर पहुंचे। दुकानदारों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने कहा- ठीक सामने ही फायर विभाग का जिला मुख्यालय है। इसके बावजूद इतना बड़ा हादसा होना, मतलब कहीं तो बड़ी चूक हुई है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा, इस पूरी घटना की जांच होगी। फायर विभाग की भूमिका की जांच होगी। जो भी दोषी होगा, कार्रवाई होगी। दुकानदारों से बैठकर उनके नुकसान का आंकलन किया जाएगा। यथासंभव मदद की जाएगी।

एसपी बोले- आग के कारणों का पता लगा रहे

एसपी अनूप कुमार सिंह ने कहा, फिलहाल कोई कैजुअलिटी नहीं हुई है। हमारा पहला फोकस आग पर पूरी तरह से काबू पाना है। आग के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। जिसकी लापरवाही से आग लगी है, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन से दुकानदारों को मिलेगी यथासंभव मदद: डीएम

जिलाधिकारी रविंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और घटना का मुआयना किया। उन्होंने कहा, आग लगने की वजह की जांच कराई जाएगी और कारणों का पता किया जाएगा, साथ ही पूरे नुकसान का आकलन किया जा रहा हैं। दुकानदारों की हरसंभव मदद की जाएगी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *