उत्तर प्रदेश, राजनीति

यूपी के 19 शहर शिमला से ज्यादा ठंडे, तीन दिन बारिश का अलर्ट; कई जिलों में घना कोहरा

यूपी के 19 शहर शिमला से ज्यादा ठंडे, तीन दिन बारिश का अलर्ट; कई जिलों में घना कोहरा

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में बर्फीली हवाओं के चलते सर्दी ने रिकॉर्ड तोड़ तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बुधवार सुबह मेरठ और संभल सहित 25 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कम विजिबिलिटी के चलते मुजफ्फरनगर में देर रात एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

कोहरे की वजह से रात भर गाड़ियां लाश को कुचलती रहीं। सुबह पुलिस के गश्ती दल ने लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। ऐसे ही शाहजहांपुर में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार चार युवक घायल हो गए। सभी भट्टे पर काम करने जा रहे थे।

19 शहरों में शिमला से भी ज्‍यादा ठंड

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 19 शहरों का न्यूनतम तापमान शिमला (6.6°C) से भी नीचे चला गया है। इस दौरान मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा रहा, यहां पारा 2.1°C रिकॉर्ड किया गया। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा कि 15 जनवरी से प्रदेश में दो पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होंगे। इससे न्यूनतम तापमान में 3 से 5°C तक की बढ़ोतरी होगी। पश्चिमी यूपी में शीतलहर से धीरे-धीरे निजात मिलेगी। हालांकि, कोहरा घना होने की संभावना है। 18 से 20 जनवरी तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।

लखनऊ में धूप के साथ ठंडी हवाएं

लखनऊ की बात करें तो बुधवार सुबह हल्के कोहरे के असर के साथ धुंध बनी रही। 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही बर्फीली हवा ने गलन बढ़ा दी। ठंड के चलते 8वीं तक के स्कूल नोएडा-चंदौली में 15 और झांसी में 14 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। गाजियाबाद में 5वीं तक स्कूल 15 जनवरी तक बंद रहेंगे।

इन 25 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट

बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, अमरोहा, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *