दिल्ली, देश-दुनिया, राजनीति

कौन हैं रेखा गुप्‍ता जो लेंगी Delhi CM पद की शपथ, मंत्रिमंडल की लिस्ट जारी

कौन हैं रेखा गुप्‍ता जो लेंगी Delhi CM पद की शपथ, मंत्रिमंडल की लिस्ट जारी

नई दिल्‍ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में जीत हासिल करने वाली भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मुख्यमंत्री पद के लिए रेखा गुप्ता का नाम फाइनल किया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया गया, जिसमें रेखा गुप्ता के साथ छह अन्य विधायक शपथ लेंगे। दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री के तौर पर RSS ने रेखा गुप्ता का नाम आगे बढ़ाया था और पार्टी ने उस पर मुहर लगा दी। रेखा ने छात्र राजनीति से करियर की शुरुआत की, दो बार विधायक का चुनाव हार चुकी हैं।

नई दिल्ली सरकार के संभावित मंत्रियों की लिस्ट भी सामने आई है, जिसमें प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, पंकज सिंह, कपिल मिश्रा और रविंद्र इंद्राज को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने की संभावना है। हालांकि, इन मंत्रियों को किस विभाग की जिम्मेदारी दी जाएगी, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

कौन हैं रेखा गुप्ता?

50 वर्षीय रेखा गुप्ता हरियाणा के जींद जिले की रहने वाली हैं। उनका परिवार सन् 1976 में दिल्ली शिफ्ट हो गया था। रेखा गुप्ता के पति मनीष गुप्ता हैं और वह पेशे से वकील हैं। रेखा गुप्ता ने अपनी शिक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय से की है, जहां उन्होंने बीकॉम और LLB की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने एमए और एमबीए भी किया है। उन्होंने कुछ समय तक वकालत भी की।

रेखा, दिल्ली के शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। रेखा गुप्ता ने विधानसभा चुनाव 2025 में आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार वंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया था।

रेखा गुप्‍ता का राजनीतिक सफर

रेखा गुप्ता ने 1992 में दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत की। वह 1996-97 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं और छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय रही हैं।

रेखा गुप्‍ता के पास कुल 5.3 करोड़ की संपत्ति

चुनावी हलफनामे के अनुसार, रेखा गुप्ता की कुल संपत्ति ₹5.3 करोड़ की है, जिसमें देनदारियां ₹1.2 करोड़ और 1 लाख 48 हजार कैश है। बैंक अकाउंट में ₹72.94 लाख डिपॉजिट हैं। रेखा ने कई कंपनियों के शेयर भी ले रखे हैं, जो ₹9.29 लाख से के हैं। इनके पास LIC में ₹53 लाख का इंवेस्टमेंट हैं। रेखा गुप्‍ता के नाम पर कोई कार नहीं है। उनके पति मनीष गुप्ता के नाम पर मारुति की XL6 कार है।

रेखा के पास 225 ग्राम की गोल्ड ज्‍वैलरी है, जिसकी कीमत 18 लाख रुपये है। रेखा के पास कुल 2 करोड़ 72 लाख रुपये की चल संपत्ति है। अचल संपत्तियों में रोहिणी और शालीमार इलाके में एक-एक घर है। रोहिणी दिल्‍ली में इनके पति के नाम पर भी एक घर है। इन घरों की कुल कीमत 2 करोड़ 60 लाख रुपये है।

दिल्ली सरकार का नया मंत्रिमंडल

  • रेखा गुप्ता- मुख्यमंत्री
  • प्रवेश वर्मा- डिप्टी सीएम
  • आशीष सूद- मंत्री
  • मनजिंदर सिंह सिरसा- मंत्री
  • पंकज सिंह- मंत्री
  • कपिल मिश्रा- मंत्री
  • रविंद्र कुमार (इंद्राज)- मंत्री।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *