लखनऊ: उत्तर प्रदेश में सिर्फ सुबह और रात में ही हल्की ठंड पड़ रही है। दिन में कड़ी धूप निकल रही है। हालांकि, राज्य में फिर से मौसम बिगड़ने का अनुमान है। मौसम विभाग ने प्रदेश में 18 और 19 फरवरी को बारिश-ओले का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को पश्चिमी यूपी के 13 जिलों में बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली कड़कने और ओले गिरने की भी संभावना है। मंगलवार की बात करें तो 31.6 डिग्री के साथ बांदा सबसे गर्म जिला रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री इटावा में रिकॉर्ड किया गया।
अगले 24 घंटे में कोई बदलाव नहीं
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
हालांकि, अगर तेज हवा के साथ बारिश हुई तो गेहूं और सरसों की फसल गिर सकती है। इससे दाने कमजोर हो जाएंगे और पैदावार पर असर पड़ेगा। इसलिए मौसम विभाग ने किसानों को अलर्ट रहने को कहा है और खुले स्थानों पर कटी हुई फसलों को रखने से मना किया है।
यूपी से सटे जयपुर में बारिश-ओले गिरे, उत्तराखंड में बर्फबारी का अलर्ट
बुधवार को कानपुर, मेरठ समेत कई शहरों में सुबह हल्के बादल छाए रहे। वेस्टर्न डिर्स्टबेंस के कारण राजस्थान का मौसम बदल गया है। जयपुर, अलवर, टोंक सहित कई जिलों में बुधवार सुबह बरसात हुई। जयपुर शहर के आसपास के इलाकों में ओले भी गिरे। तापमान में गिरावट के साथ हवा में भी ठंडक बढ़ गई है।
वहीं, उत्तराखंड में भी आज, 18 फरवरी को 5 जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इनमें उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाके शामिल है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
यूपी के 13 जिलों में बारिश का अलर्ट
नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, बागपत, हापुड़, आगरा, मथुरा, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ और अलीगढ़ में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।