दिल्ली, देश-दुनिया, राजनीति

दिल्‍ली विधानसभा की 70 सीटों पर वोटिंग जारी, आतिशी बोलीं- ये सिर्फ चुनाव नहीं, धर्म युद्ध है

दिल्‍ली विधानसभा की 70 सीटों पर वोटिंग जारी, आतिशी बोलीं- ये सिर्फ चुनाव नहीं, धर्म युद्ध है

नई दिल्‍ली: दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए बुधवार (5 फरवरी) को सुबह सात बजे से मतदान जारी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, दिल्ली के उप राज्‍यपाल वीके सक्सेना, राहुल गांधी, विदेश मंत्री एस जयशंकर और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी वोट डाल चुके हैं। सुबह 9 बजे तक 8.10% वोटिंग हो चुकी है। दिल्ली में 1.56 करोड़ लोग शाम 6 बजे तक वोट कर सकेंगे। इसके लिए करीब 13 हजार पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।

लोकसभा चुनाव में INDIA ब्लॉक का हिस्सा रहीं 5 पार्टियां दिल्ली चुनाव में एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में हैं। इनमें आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस सभी 70 सीटों पर आमने-सामने हैं। वहीं, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI) ने 6, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया- मार्कसिस्ट (CPM) और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया- मार्कसिस्ट लेनेनिस्ट (CPI-ML) ने 2-2 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं।

8 फरवरी को आएंगे नतीजे

भाजपा ने 68 सीटों पर कैंडिडेट उतारे हैं। दो सीटें सहयोगी पार्टियों को दी हैं। इसमें जनता दल- यूनाइटेड (JDU) ने बुराड़ी और लोक जनशक्ति पार्टी- रामविलास (LJP-R) ने देवली सीट से प्रत्याशी उतारे हैं। महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) 30 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के डिप्टी CM एकनाथ शिंदे ने सभी सीटों पर भाजपा को समर्थन दिया है। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी (BSP) 70 और असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तिहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) 02 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को आएंगे।

आतिशी बोलीं- दिल्ली के लोग काम करने वालों और ईमानदार को जिताएंगे

दिल्‍ली की निवर्तमान मुख्‍यमंत्री आतिशी ने कहा कि ये सिर्फ चुनाव नहीं, धर्म युद्ध है। ये सत्य और असत्य की लड़ाई है। ये काम और गुंडागर्दी की लड़ाई है। एक तरफ पढ़े-लिखे, ईमानदार लोग हैं, दूसरी तरफ गाली-गलौज करने वाले लोग हैं। दिल्ली के लोग काम करने वालों, ईमानदार को जिताएंगे और बुराई को हराएंगे। दिल्ली पुलिस कुछ भी कर सकती है। वे खुल्लमखुल्ला बीजेपी के लिए काम कर रही है। बीजेपी वोटर्स को डरा रही है। बीजेपी के ठिकानों पर दिल्ली पुलिस नहीं आती। चुनाव आयोग का फ्लाइंग स्क्वॉड भी कुछ नहीं करता।

पवन खेड़ा बोले- लोग कांग्रेस वाला दौर चाहते हैं

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा बोले कि लोग शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि देना चाहते हैं। केवल नई दिल्ली सीट ही नहीं, पूरी दिल्ली में लोग चाहते हैं कि कांग्रेस वाला दौर आए। मतदाता देख चुके हैं कि शीला दीक्षित के 15 साल के कार्यकाल में कांग्रेस ने क्या किया।

प्रवेश वर्मा बोले- दिल्ली में मोदी जी के साथ नई सरकार बनेगी

नई दिल्ली सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा ने कहा- ज्यादा से ज्यादा संख्या में वोट दीजिए। दिल्ली राजधानी है, पूरे देश को दिखाना है कि दिल्ली सबसे आगे है। ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान कीजिए, पुराने सारे रिकॉर्ड्स को तोड़िए। दिल्ली में हजारों काम होने हैं। मोदी जी के साथ ऐसी सरकार बनेगी, जो विजन, उनकी सारी स्कीम्स को लेकर आएगी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *