Avimukteshwarananda: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा है कि सपा, कांग्रेस या कोई भी राजनीतिक दल इतना चतुर नहीं है कि मुझे चुनाव में इस्तेमाल कर सके। हम किसी पार्टी के लिए नहीं, बल्कि गंगा और गोरक्षा जैसे मुद्दों के लिए काम कर रहे हैं, जो पहले से भाजपा के भी प्रमुख विषय रहे हैं। चाहे तो भाजपा भी मेरे समर्थन में आ सकती है। चुनाव में किसी की चालाकी से मेरा इस्तेमाल हो जाना संभव नहीं है। एक प्रतिष्ठित अखबार से बातचीत में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने गो पूजन कर गोरक्षा के लिए धर्मयुद्ध का ऐलान किया। इसी के साथ उन्होंने गो प्रतिष्ठा जनजागरण अभियान की शुरुआत करते हुए चतुरंगिणी सेना बनाने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि यह धर्मयुद्ध गाय की रक्षा के लिए है। गाय को कष्ट देने वाले वृत्रासुर हमारे निशाने पर होंगे। जो लोग गाय को कष्ट पहुंचाते हैं, वे वृत्रासुर हैं। उनके अनुसार कसाईखाना चलाने वाले, गायों को वहां ले जाने वाले, सहयोग करने वाले और इसे होते देखकर भी मौन रहने वाले सभी वृत्रासुर की श्रेणी में आते हैं। उन्होंने प्रदेश की सरकारी गोशालाओं में गायों की दयनीय स्थिति पर चिंता जताई।
गांवों में जाएगी एक लाख गो रक्षकों की टीम
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि जल्द ही समग्र गविष्ठि गोयुद्ध यात्रा शुरू की जाएगी। यह गायों के लिए होने वाला युद्ध है। उत्तर प्रदेश के लगभग एक लाख गांवों में हमारे गो रक्षक जाएंगे। वे गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और बताएंगे कि जो गाय की रक्षा के साथ खड़ा है, जनता उसी का समर्थन करें। उन्होंने कहा कि हमने शंखनाद कर दिया है। नागा सेना की तरह हमारी चतुरंगिणी सेना अधर्म के खिलाफ खड़ी होगी।