लखनऊ: उत्तर प्रदेश के 23 वरिष्ठ IAS अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया गया है। गोरखपुर, गाजियाबाद, प्रयागराज और बहराइच सहित 10 जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को बदला गया है। अयोध्या के कमिश्नर गौरव दयाल को गृह विभाग के सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गोरखपुर के डीएम कृष्णा करुणेश को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, पीएसी ट्रेनिंग सेंटर में ट्रेनी महिला सिपाही से जुड़े विवाद के बाद उनका तबादला किया गया है। इसके अलावा, बहराइच की डीएम मोनिका रानी को भी हटा दिया गया है। अब उन्हें बेसिक शिक्षा विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। जानकारों के अनुसार, ट्रांसफर लिस्ट में सीएम के अपर मुख्य सचिव एसपी गोयल की पसंद को तरजीह दी गई है।
नेहा शर्मा को प्रभारी महानिरीक्षक निबंधन की जिम्मेदारी
नेहा शर्मा 9 जून, 2023 से गोंडा की डीएम थीं। प्रशासन के सूत्रों का कहना है कि सीएम योगी और कैसरगंज के पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह के रिश्तों में तल्खी के मद्देनजर डीएम नेहा शर्मा बृजभूषण सिंह, उनके सांसद बेटे करण भूषण सिंह और विधायक प्रतीक भूषण सिंह को उतनी तवज्जो नहीं दे रही थीं।
बीते दिनों योगी और ब्रजभूषण के रिश्तों में जमी बर्फ पिघली है। बृजभूषण और उनके दोनों बेटों ने एक हफ्ते के अंदर मुलाकात की थी। उधर, गोंडा के दूसरे विधायक भी डीएम की कार्यशैली से ज्यादा खुश नहीं थे। ऐसा माना जा रहा है कि नेहा शर्मा को इसी वजह से हटाया गया है। हालांकि, शासन के अधिकारी मानते हैं कि दो वर्ष से अधिक समय का कार्यकाल होने के कारण उन्हें हटाया गया है।
प्रियंका निरंजन के खिलाफ अपना दल ने खोला था मोर्चा
मिर्जापुर की जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के खिलाफ अपना दल (एस) ने मोर्चा खोल रखा था। लोकसभा चुनाव के बाद अपना दल के उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार में मंत्री आशीष पटेल ने खुलकर आरोप लगाया था कि डीएम सहित तमाम प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी अनुप्रिया पटेल को चुनाव हराने में लगे थे।
आशीष पटेल लंबे समय से उन्हें हटाने का दबाव बना रहे थे। हालांकि, शासन के अधिकारियों का मानना है कि प्रियंका निरंजन सितंबर, 2023 से मिर्जापुर की डीएम थीं। शासन के अधिकारी मानते हैं कि इनका कार्यकाल डेढ़ साल से अधिक समय हो चुका था। इसके चलते ही इन्हें वहां से हटाकर गोंडा की जिम्मेदारी दी गई।
मिनिष्ती एस बनीं गन्ना आयुक्त
वित्त विभाग की सचिव मिनिष्ती एस को गन्ना आयुक्त नियुक्त किया है। गन्ना आयुक्त प्रमोद कुमार का तबादला समाज कल्याण विभाग में सचिव पद पर किया है। बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ अमृत त्रिपाठी का ट्रांसफर उच्च शिक्षा विभाग में सचिव पद पर किया है। वहीं, झांसी के मंडल आयुक्त विमल कुमार दुबे को बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण के सीईओ का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।