उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, देश-दुनिया, राजनीति

मार्च के पहले हफ्ते में शुरू होगी BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया, एक और कार्यकाल नहीं लेंगे जेपी नड्‌डा!

मार्च के पहले हफ्ते में शुरू होगी BJP के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया, एक और कार्यकाल नहीं लेंगे जेपी नड्‌डा!

नई दिल्‍ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत मार्च के पहले सप्‍ताह तक शुरू हो जाएगी। होली (14 मार्च) से पहले पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा। इस बार राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए दक्षिण भारत से किसी नेता के नाम पर सहमति बन सकती है, क्योंकि बीजेपी का फोकस अब दक्षिणी राज्यों पर है। फरवरी के आखिरी तक 18 राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया पूरी होते ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित होगा। भाजपा संविधान के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव तभी कराया जा सकता है, जब देश के कम से कम आधे राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव हो जाएं।

बीजेपी के एक नेता के अनुसार, मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा को एक और कार्यकाल देने की जगह पार्टी नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनेगी। हालांकि, भाजपा संविधान के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए कोई व्यक्ति लगातार दो टर्म के लिए चुना जा सकता है। इस लिहाज से नड्‌डा तकनीकी रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की योग्यता रखते हैं, लेकिन सूत्रों का कहना है कि उन्होंने दोबारा अध्यक्ष बनने की जगह किसी नए व्यक्ति को यह जिम्मेदारी देने की बात कही है।

दक्षिण भारत से किसी को मौका संभव

इस बार राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए दक्षिण भारत से किसी नेता के नाम पर सहमति बनाने का विचार है। क्योंकि, भाजपा का फोकस अब दक्षिणी राज्यों पर है। 20 साल से वहां से कोई राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बना है। 2002-2004 के बीच वेंकैया नायडू (आंध्र) आखिरी थे। इस पर आरएसएस व आनुषंगिक संगठनों से भी चर्चा हो चुकी है। ये तय है कि जो भी नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेगा, अगला लोकसभा चुनाव 2029 उसी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।

भाजपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल 3 साल होता है, ऐसे में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल जनवरी 2028 तक होगा। ठीक 14 महीने बाद लोकसभा चुनाव होंगे, जिसके चलते उनका कार्यकाल लोकसभा चुनाव तक बढ़ाया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव कराने से पहले भाजपा में सभी प्रदेशों में संगठनात्मक चुनाव होते हैं। यह चुनाव मंडल से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक होता है। प्रदेश स्तर पर चुनाव की प्रक्रिया जारी है।

जून में बढ़ा था जेपी नड्‌डा का कार्यकाल

जेपी नड्‌डा का कार्यकाल जनवरी, 2024 में खत्म हुआ था। पिछले साल लोकसभा चुनाव के लिए जून तक उनके कार्यकाल को 6 महीने का विस्तार दिया गया था। नड्‌डा अभी केंद्रीय मंत्री भी हैं।

अब तक चुनाव निर्विरोध

बीजेपी में अभी तक राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव निर्विरोध होता आया है। यानी सिर्फ एक ही व्यक्ति नामांकन करता है और बिना वोटिंग अध्यक्ष चुन लिया जाता है। इस बार भी यही परंपरा रहने की उम्मीद है। हालांकि, 2013 में जब नितिन गडकरी को दोबारा अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया शुरू हुई थी, तब यशवंत सिन्हा ने नामांकन पर्चा लिया था। इससे बवाल मच गया था, लेकिन जब गडकरी ने अनिच्छा दिखाई, तब सिन्हा ने पर्चा वापस लिया था और राजनाथ सिंह को अध्यक्ष चुना गया था।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *