उत्तर प्रदेश, राजनीति, स्पोर्ट्स

T20 WC 2026: PAK कप्तान बोले- हैंडशेक न करने का जवाब मैच में देंगे, सूर्या ने कहा- 24 घंटे बाद देखेंगे

T20 WC 2026: PAK कप्तान बोले- हैंडशेक न करने का जवाब मैच में देंगे, सूर्या ने कहा- 24 घंटे बाद देखेंगे

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क: आईसीसी टी-20 विश्‍व कप में भारत और पाकिस्तान के मुकाबले से पहले शनिवार (14 फरवरी) को कोलंबो में प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। पाक कप्तान सलमान अली आगा ने हैंडशेक विवाद पर कहा- ‘इसका जवाब हम कल मैदान पर देंगे।’ इसके बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से भी हैंडशेक को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर वे बोले- ‘24 घंटे इंतजार कीजिए, तब देखेंगे।’

दरअसल, पिछले साल हुए एशिया कप 2025 में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव समेत सभी प्लेयर्स ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था। सूर्यकुमार ने कहा था कि उनकी टीम पाकिस्तान से हाथ नहीं मिलाएगी। यह फैसला पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए भारतीय नागरिकों के सम्मान में लिया गया था। इसे ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना के समर्थन के तौर पर भी देखा गया था। दोनों टीमों के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला रविवार को कोलंबो में खेला जाएगा।

सलमान आगा की प्रेस कॉन्फ्रेंस की 5 बड़ी बातें

‘मैच अच्छे जज्बे में खेला जाना चाहिए’

आगा से भारत-पाक मैच के माहौल और राजनीति से अलग खेल भावना पर सवाल हुआ। उन्होंने कहा, मैच अच्छे जज्बे में खेला जाना चाहिए। मेरा मानना मायने नहीं रखता। खेल जैसे शुरू से खेला जाता रहा है, वैसे ही होना चाहिए।

‘इतिहास नहीं बदल सकते’

आगा ने माना कि वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने कहा, इतिहास नहीं बदल सकते। रिकॉर्ड अच्छा नहीं है, लेकिन इस बार बेहतर प्रदर्शन की कोशिश करेंगे।

बाबर की फॉर्म पर भरोसा

पाकिस्तान कप्तान ने बाबर आजम की फॉर्म को लेकर चिंता से इनकार किया। उन्होंने कहा, बाबर हमारे लिए चिंता का विषय नहीं हैं। वे रन बना रहे हैं। उम्मीद है कल भी टीम की मदद करेंगे। हम बल्लेबाजी क्रम में ज्यादा बदलाव नहीं करना चाहते।

उस्मान का एक्शन दो बार ICC से क्लियर बताया

मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक के एक्शन पर उठे सवालों पर आगा ने कहा कि उन्हें ICC दो बार क्लियर कर चुकी है। उन्होंने कहा, मुझे नहीं पता उनके एक्शन पर बात क्यों हो रही है। वे इन बातों पर ध्यान नहीं देते। हमारे लिए हर खिलाड़ी बराबर है।

बेस्ट इंडियन साइड के साथ खेलना चाहते हैं

भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा की फिटनेस पर भी सवाल हुआ। वे पेट की दिक्कत के कारण पिछले मैच में नहीं खेले थे। आगा ने कहा, उम्मीद है अभिषेक कल खेलें। हम सर्वश्रेष्ठ टीम के खिलाफ खेलना चाहते हैं।

सूर्या का जवाब– पाकिस्तान कप्तान चाहते हैं तो हम अभिषेक को खिलाएंगे

वहीं, भारतीय कप्‍तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि ओपनर अभिषेक शर्मा पाकिस्तान के खिलाफ खेलेंगे। उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि अगर पाकिस्तान कप्तान चाहते हैं तो हम अभिषेक को खिलाएंगे।

हमारी गेंदबाजी यूनिट शानदार

जसप्रीत बुमराह पावरप्ले में सिर्फ एक ओवर फेंक रहे हैं, इस पर सूर्यकुमार यादव ने कहा, मैं इस शानदार गेंदबाजी यूनिट के साथ एक सुनियोजित योजना बनाना चाहता हूं। हर मैच में अलग रणनीति की जरूरत होती है। कोई तय योजना नहीं है।

पाकिस्‍तान को लेकर कहा कि उनकी गेंदबाजी और बल्लेबाजी संयोजन काफी अच्छे रहे हैं। कल जब हम उनके खिलाफ खेलेंगे तो हम उनसे निपटने की योजना बना रहे हैं। हमारी टीम भी लगभग वैसी ही है. मैदान देखने में काफी अच्छा लग रहा है। जहां दबाव नहीं होता, वहां मजा भी नहीं आता। आखिरकार, यह सिर्फ एक और खेल है, अच्छा क्रिकेट खेलने पर ध्यान दें।

हमें देखना होगा कि हम कैसा खेल रहे

सूर्या ने कहा कि यह एक जोखिम भरा, लेकिन लाभ से भरपूर प्रारूप है। अगर कुछ हासिल करने के लिए कोई रणनीति जल्दी सफल हो जाती है, तो बाकी लोग उसका समर्थन करने के लिए मौजूद हैं। हमें देखना होगा कि हम कैसा खेल रहे हैं। हम उसी लय को बनाए रखना चाहते हैं। हम अपनी ताकत पर ध्यान देंगे, न कि विपक्षी टीम के प्रदर्शन पर। जो भी बेहतर क्रिकेट खेलेगा, वही मैच जीतेगा। बस यही मायने रखता है।

भारतीय कप्‍तान ने कहा कि वे (पाकिस्तान) अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं, वे यहां खेलते आ रहे हैं इसलिए उन्हें थोड़ा फायदा है। मगर, हम अपना ध्यान उन पर नहीं बल्कि अपनी रणनीति पर केंद्रित करना चाहते हैं। परिस्थितियों के अनुसार ढलना महत्वपूर्ण है। बाउंड्री बड़ी हैं। हम जानते हैं कि हम किस तरह की क्रिकेट खेलना चाहते हैं। हम पहले ही दो बिल्कुल अलग-अलग मैच देख चुके हैं। हम जानते हैं कि किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। यह द्विपक्षीय या फ्रेंचाइज़ क्रिकेट नहीं है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *