बरेली: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य ने अनुशासनहीनता और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पुलिस विभाग के छह जवानों को सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि एक रंगरूट सिपाही का चयन निरस्त करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। एलआईयू (LIU) की गोपनीय जांच में सामने आया है कि छुट्टी लेकर गायब रहने वाले सिपाही असल में ड्यूटी छोड़कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे।
कोतवाली में तैनात सिपाही कृष्ण गोपाल दिसंबर से गायब चल रहे थे। वहीं सिंगल विंडो पर तैनात सिपाही केशव कुमार और प्रशांत कुमार भी लंबी छुट्टी काटकर वापस काम पर नहीं लौटे। इन तीनों को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अलावा, पुलिस लाइन में ट्रेनिंग ले रहे रिक्रूट सिपाही अभिषेक सिंह अगस्त 2025 से ही गायब हैं, जिसके चलते उनका चयन निरस्त करने का नोटिस जारी हुआ है।
वीआईपी ड्यूटी से गायब रहना पड़ा भारी
हेड कांस्टेबल सुरजीत सिंह की ड्यूटी राज्यपाल संतोष गंगवार की फ्लीट में लगी थी, लेकिन वे महत्वपूर्ण ड्यूटी पर पहुंचे ही नहीं। इसी तरह हेड कांस्टेबल संजीव कुमार कोर्ट की हवालात ड्यूटी से बिना बताए नदारद मिले।
सबसे गंभीर मामला फतेहगंज पूर्वी के हेड कांस्टेबल रविंद्र सिंह का है। उन पर शराब पीकर साथियों और चौकीदार से बदसलूकी करने और अधिकारियों के आदेश न मानने के आरोप हैं। एसएसपी ने इन तीनों हेड कांस्टेबलों को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।