UP News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने एक बड़े साइबर ठगी रैकेट का पर्दाफाश किया है। टीम ने फर्जी कंपनियां बनाकर लोगों को ज्यादा मुनाफे का लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह के सरगना सहित दो आरोपियों को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से दो लाख रुपये नकद और कई गैजेट्स बरामद हुए हैं।
एसटीएफ को लगातार यह सूचना मिल रही थी कि एक गैंग लोगों को पैसे दोगुना करने और डॉलर में निवेश का लालच देकर ठगी कर रहा है। इसी सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ की टीम ने शनिवार को सहारनपुर के सदरबाजार थाना क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर रोड पर छापेमारी कर आरोपियों शक्ति सिंह (सरगना) मेरठ, मंजीत गौर, मेरठ और बुलंदशहर को गिरफ्तार कर लिया।
मेरठ व आस-पास के जिलों में बनाते थे शिकार
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मेरठ और आस-पास के जिलों में लोगों को लुभाकर उनसे पैसे लेते थे। वे पॉन्जी स्कीम के नाम पर अपनी बनाई फर्जी कंपनियों में निवेश कराते थे। उन्होंने बताया कि इस ठगी के लिए उन्होंने चार अलग-अलग फर्जी कंपनियां बनाई थीं। अब तक इन कंपनियों में पांच हजार से ज्यादा लोगों की आईडी बनाकर उनसे ठगी की जा चुकी है।
आरोपी एजेंट बनाकर लोगों को जोड़ने का काम करते थे और उन्हें अधिक कमीशन का लालच देते थे। इस गैंग में अनिल और राजकुमार नाम के दो और सहयोगी भी शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। एसटीएफ की टीम ने इन आरोपियों के पास से दो लाख रुपये कैश के अलावा एक एप्पल मैकबुक, चार मोबाइल फोन, कई चेकबुक, डेबिट कार्ड, आधार कार्ड और एक कार भी बरामद की है। आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है।