उत्तर प्रदेश, राजनीति

बरेली में सास-साले का हत्यारोपी दामाद एनकाउंटर में ढेर, भरी पंचायत में की थी वारदात

बरेली में सास-साले का हत्यारोपी दामाद एनकाउंटर में ढेर, भरी पंचायत में की थी वारदात

बरेली: जनपद में सास और साले की हत्या करने वाले आरोपी दामाद अफसर उर्फ बौरा (40) को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। एसएसपी अनुराग आर्य के अनुसार, मंगलवार सुबह 6 बजे मुखबिर की सूचना पर आरोपी की घेराबंदी की गई। खुद को घिरा देखकर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के सीने में 2 गोली लगी। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।

मुठभेड़ इज्जतनगर थाना क्षेत्र में हुई। आरोपी ने 17 घंटे पहले यानी सोमवार दोपहर 1 बजे भरी पंचायत में सास और साले की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। बचाने आई पत्नी पर भी जानलेवा हमला किया था। इसके बाद फरार हो गया था। उसकी तलाश में 5 टीमें लगी हुई थीं।

क्‍या है पूरा मामला?

एंबुलेंस चालक अफसर खान बरेली के रहपुरा का रहने वाला था। नौ साल पहले शादी की थी। उसके दो बच्चे फैज (8) और आयशा (5) हैं। पत्नी साइमा से उसका विवाद चल रहा था। इसके चलते साइमा पिछले 5 दिनों से पास के इलाके में स्थित मायके में रह रही थी। सोमवार को इस झगड़े को खत्म करने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। अफसर के घर से करीब 50 मीटर दूर ज्वेलर राशिद खान के घर पर पंचायत चल रही थी। झगड़ा सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के परिवारवालों को भी बुलाया गया था।

पंचायत में अफसर अपने साथ चाकू भी लाया था। बातचीत के दौरान अचानक वह उग्र हो गया। उसने चाकू से अपनी सास आसमा (54) और साले आदिल (20) पर कई वार किए। दोनों की मौके पर मौत हो गई। बीच-बचाव करने आई पत्नी साइमा को भी उसने नहीं बख्शा। उसे भी चाकू से गोदकर घायल कर दिया।

साइमा की हालत नाजुक

साइमा को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वारदात की सूचना पर SSP अनुराग आर्य फोर्स के साथ पहुंचे थे। उन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 5 टीमों को गठन किया था। तब से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। जगह-जगह दबिश दे रही थी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *