उत्तर प्रदेश, राजनीति, सोशल मीडिया

Republic Day 2026: अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई संविधान व नशामुक्ति की शपथ

Republic Day 2026: अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई संविधान व नशामुक्ति की शपथ
  • श्रावस्ती में हर्षोल्लास से मनाया गया गणतंत्र दिवस, कलेक्ट्रेट एवं पुलिस लाईन में जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण, ली परेड की सलामी

Republic Day 2026: 77वां गणतंत्र दिवस को श्रावस्ती में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर जिले के सभी सरकारी/गैर सरकारी कार्यालयों एंव शैक्षिणक संस्थाओं में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, संविधान में उल्लिखित संकल्प स्मरण, देशगान के साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली व देश प्रेम की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रस्तुतीकरण किया गया। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय ने ध्वजारोहण कर गार्ड की सलामी ली। जिलाधिकारी ने उपस्थिति अधिकारियों व कर्मचारियों को भारतीय संविधान एवं लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलायी। इस दौरान ही जिलाधिकारी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद स्तर पर क्रॉसकंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें पुरुषों की 5 किमी क्रॉसकंट्री दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बॉबी राना, द्वितीय स्थान किशन लाल, तृतीय स्थान प्रवेश लाल, चतुर्थ स्थान हर्षित राना, पाँचवाँ स्थान रंजीत यादव तथा छठा स्थान आशुतोष त्रिपाठी ने प्राप्त किया। वहीं बालिकाओं की 3 किमी क्रॉसकंट्री दौड़ कलेक्ट्रेट मुख्य गेट से प्रारंभ होकर पुलिस लाइन से वापस आते हुए कलेक्ट्रेट मुख्य गेट पर समाप्त हुई। इस दौड़ में प्रथम स्थान नैना द्विवेदी, द्वितीय स्थान सानिया बानो, तृतीय स्थान महिमा यादव, चतुर्थ स्थान हसीबुन निशा, पाँचवाँ स्थान कोमल तथा छठा स्थान संजना कुमारी ने प्राप्त किया। जिलाधिकारी ने ट्रैक शूट देकर सम्मानित किया। सांत्वना पुरस्कार शिवम कुमार को दिया गया।

Republic Day 2026: अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई संविधान व नशामुक्ति की शपथ

पुलिस लाइन भिनगा में सम्पन्न हुआ मुख्य कार्यक्रम

जिले में गणतंत्र दिवस पर मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन भिनगा में सम्पन्न हुआ। ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, गार्ड की सलामी संविधान में उल्लिखित संकल्प स्मरण करने के बाद कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के साथ श्रद्धा सुमन अर्पित करने के उपरान्त पुलिस परेड का अवलोकन किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने परेड कमाण्डरों से हाथ मिलाकर उनका परिचय भी प्राप्त किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं आम जनमानस को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए अपने सम्बोधन में कहा कि आज का यह पावन अवसर हमें 26 जनवरी 1950 की उस ऐतिहासिक घड़ी की याद दिलाता है, जब हमारा संविधान लागू हुआ और भारत एक लोकतांत्रिक गणराज्य बना। हमारा संविधान केवल शासन की व्यवस्था नहीं करता, बल्कि हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का मार्ग भी दिखाता है। हम आज उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को नमन करते हैं, जिनके त्याग, तपस्या और दूरदर्शिता के कारण हमें स्वतंत्र और सशक्त भारत मिला।

उन्होंने कहा, प्रिय जनपदवासियों, श्रावस्ती केवल ऐतिहासिक भूमि ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की अद्वितीय धरोहर भी है। यह भगवान बुद्ध की तपोभूमि रही है। हमारा दायित्व है कि हम इस पवित्र भूमि को विकास, सुशासन और सामाजिक समरसता का आदर्श केंद्र बनाएं। पिछले वर्ष जनपद में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास, स्वच्छता, डिजिटल सेवाओं और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण प्रयास किये गये हैं। सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता रही है। लेकिन विकास केवल भवनों और सड़कों से नहीं होता-विकास होता है मानसिकता से, नैतिकता से और नागरिक कर्तव्य से। आज मैं विशेष रूप से युवाओं से कहना चाहता हूँ आप भारत का वर्तमान भी हैं और भविष्य भी। आपकी शिक्षा, आपका अनुशासन, आपकी नवाचार क्षमता ही भारत को विश्वगुरु बनाएगी। आइए, इस गणतंत्र दिवस पर हम संकल्प लें कि हम संविधान का सम्मान करेंगे हम जाति, धर्म, भाषा से ऊपर उठकर भारत को देखेंगे हम भ्रष्टाचार, असमानता और हिंसा के विरुद्ध खड़े होंगे और अपने जनपद को स्वच्छ, सुरक्षित और समृद्ध बनाएँगे।

गणतंत्र दिवस में थारू कलाकारों एवं स्कूली बच्चों द्वारा थारू पराम्परा लोकनृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जन सैलाब का मन मोह लिया। इसके लिए जिलाधिकारी द्वारा उन्हे सम्मानित भी किया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर ही जिलाधिकारी ने जिले को बेहतर ढंग से विकसित/संचालन के लिए/कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाये रखने के लिए पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, परेड कमाण्डरों व अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों को जिलाधिकारी द्वारा स्मृति चिन्ह व प्रसस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक ने जिलाधिकारी को भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। इसके पश्चात् अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस परिवार की ओर से पुलिस अधीक्षक को भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शांति और खुशहाली के प्रतीक हरे, सफेद व केसरिया रंग के गुब्बारे आसमान में छोड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *