लखनऊ: उत्तर प्रदेश में रविवार सुबह नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और अयोध्या सहित 15 शहरों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। राजधानी लखनऊ में बूंदाबांदी के साथ धूलभरी आंधी चली। आसमान में काले बादल छा गए। बाइक से निकले लोग रेनकोट पहने नजर आए। हाथरस में बारिश की वजह से कोल्ड स्टोरेज की दीवार भराभराकर गिर गई। यहां रखा 10 हजार बोरी आलू मलबे में दब गया।
इस बीच, मौसम विभाग ने आज 35 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 10 जिलों में ओले का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटे तक प्रदेश में मौसम बिगड़ा ही रहेगा। बारिश और तेज हवा का असर फसलों पर भी दिखाई दे रहा है। कई इलाकों में खड़ी फसलें झुक गईं। हालांकि, तापमान में गिरावट आने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत जरूर मिली है।
प्रदेश में कई जिलों में हो सकती है हल्की बारिश
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने कहा कि आज से एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ की वजह से प्रदेश कई जिलों में हल्की बारिश का दौर शुरू हो गया है। 2 दिन प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में बारिश के आसार हैं। 40-50 किमी की स्पीड से हवाएं चलेंगी। ओले भी गिरेंगे। 19 मार्च से प्रदेश में एक और विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका प्रदेश में व्यापक असर होगा।
बेमौसम बारिश और तेज हवाएं खेतों में खड़ी फसलों के लिए नुकसानदायक हैं। किसानों का कहना है कि इस समय गेहूं की फसल पकने की स्थिति में है। ऐसे में बारिश और तेज हवा से बालियां झुक जाती हैं। कटाई के समय दिक्कत होती है। दाने खराब होने का खतरा भी बढ़ जाता है। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक, लगातार नमी रहने से फसलों में रोग लगने का खतरा भी बढ़ सकता है। हालांकि, हल्की बारिश से कुछ दलहनी और सब्जी वाली फसलों को फायदा भी मिल सकता है।
आज और कल कैसा रहेगा मौसम?
15 मार्च- पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वी यूपी में ओले भी गिर सकते हैं। आंधी भी चलेगी।
16 मार्च- प्रदेश के कई इलाकों में बौछारें पड़ सकती हैं। ओले पड़ सकते हैं। 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलेगी।