Dr. Sanjay Nishad: निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने बताया कि आगामी 13 जनवरी 2026 को पार्टी का 13वाँ संकल्प दिवस मनाया जायेगा। यह कार्यक्रम संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होगा, जिसमें पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाज के गणमान्य लोग सहभागी होंगे। 13 जनवरी 2026 से लेकर निषाद समाज के सिरमौर महाराजा गुह्यराज निषाद की जयंती तक प्रदेश के सभी जनपदों, मछुआ बाहुल्य विधानसभाओं एवं मछुआ बाहुल्य ग्राम सभाओं का निरंतर दौरा एवं पदयात्रा की जाएगी। विगत चार वर्षों में सरकार में मंत्री बनने के उपरांत समाज के हित में किए गए सभी कार्यों को सीधे समाज के समक्ष रखा जाएगा।

महत्वपूर्ण विषयों पर सामाजिक गोष्ठी का भी किया जायेगा आयोजन
इसके पश्चात, वीरांगना फूलन देवी की जयंती के अवसर पर उनके सम्मान में एक अस्थायी प्रतिमा स्थापित किए जाने की जानकारी भी मंत्री द्वारा दी गई है। संकल्प दिवस के अवसर पर पार्टी की कोर कमेटी द्वारा एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत आरक्षण, शिक्षा एवं आर्थिक सशक्तिकरण जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों पर एक सामाजिक गोष्ठी के आयोजन का निर्णय लिया जाएगा। इस गोष्ठी में देश की सभी राजनीतिक पार्टियों से जुड़े मछुआ समाज के प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि समाज की भावी दिशा तय की जा सके। यह कार्यक्रम किसी भी पार्टी के बैनर के अंतर्गत नहीं होगा, बल्कि केवल मंथन एवं चिंतन के उद्देश्य से आयोजित किया जाएगा। निषाद, बिंद, कश्यप एवं मछुआ समाज से जुड़े सभी दलों के नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा।