Magh Mela 2026: प्रयागराज में तीन जनवरी से 15 फरवरी तक माघ मेले का आयोजन किया जाएगा. इसको लेकर स्थानीय पुलिस-प्रशासन की तैयारियां जोरों पर हैं. मेले के दौरान इस बार सुरक्षा के बंदोबस्त बेहद मजबूत किए गए हैं. पुलिस अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारियों के अनुसार, श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मेले को चार जोन में बांटा गया है. 24 घंटे मेला ड्रोन और CCTV की निगरानी में रहेगा. सिविल पुलिस के साथ ही PAC, RAF के साथ STF और ATS यूनिट भी तैनात रहेंगी. उत्तर भारत का प्रसिद्ध मेला होने के चलते देश भर से यहां लाखों की संख्या में श्रद्धालू पहुँचते हैं. उस हिसाब से अब तैयारियां अंतिम चरण में हैं. पिछले सप्ताह सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी प्रयागराज पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया था.
AI बेस्ड कैमरे करेंगे निगरानी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरे मेले में 1000 से ज्यादा CCTV लगाए जा रहे हैं. इसके अलावा AI बेस्ड कैमरों से 24 घंटे निगरानी होगी और ड्रोन भी सभी जोन में तैनात रहेंगे. चार जोन में एक एक ASP को कमांड दी गयी है. फ़ोर्स इनके निर्देशन में रहेंगी. पुलिस के साथ ही PAC-RAF के जवान भी तैनात रहेंगे. इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी. वहीं ATS और STF यूनिट्स भी किसी भी परिस्थिति के लिए तैयार रहेंगी.
पिछले वर्षों में श्रधालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा प्लान बनाया गया है. कहीं भी लापरवाही की गुंजाइश नहीं रहने दी जाएगी. श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो इसके लिए जगह-जगह हेल्प डेस्क और एनाउंस सिस्टम भी रहेगा. इसके साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं. घाटों पर गोताखोर भी तैनात किए गए हैं.