Lucknow News: बिहार की राजनीति को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से एक बार फिर बीजेपी पर निशाना साधा गया है. लखनऊ स्थित सपा कार्यालय के बाहर एक नया पोस्टर लगाया गया है, जिसने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है. इस पोस्टर के जरिए सपा नेता ने बीजेपी की राजनीति पर सवाल उठाते हुए तीखा तंज कसा है. पोस्टर सामने आने के बाद इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में बहस तेज हो गई हैं.
सपा नेता मोहम्मद इखलाक ने लगाया पोस्टर
यह पोस्टर समाजवादी पार्टी के नेता मोहम्मद इखलाक द्वारा लगाया गया है. पोस्टर के माध्यम से उन्होंने बिहार की राजनीति को मुद्दा बनाते हुए बीजेपी पर तंज कसा है. सपा नेताओं का कहना है कि यह पोस्टर बीजेपी की कार्यशैली पर सवाल उठाता है और यह बताने की कोशिश करता है कि पार्टी अपने सहयोगियों के साथ किस तरह की राजनीति करती है. पोस्टर में बीजेपी पर सीधे शब्दों में निशाना साधा गया है. पोस्टर में लिखा है, “मुख्यमंत्री की कुर्सी दी, सत्ता चलाने का सहारा लिया, जब जरूरत थी तब साथ रखा, काम निकल गया, तो किनारे कर दिया.” पोस्टर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान का भी जिक्र किया गया है. पोस्टर में लिखा है, “अखिलेश यादव जी ने सही कहा था, BJP की राजनीति यही है…. पहले इस्तेमाल करो, फिर बर्बाद करो”.
पोस्टर को लेकर बढ़ी राजनीतिक चर्चा
इस पोस्टर के सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल एक बार फिर गर्म हो गया है. सपा समर्थकों का कहना है कि पोस्टर के जरिए बीजेपी की राजनीति पर सटीक टिप्पणी की गई है, जबकि बीजेपी के समर्थक इसे राजनीतिक बयानबाजी बता रहे हैं. फिलहाल सपा कार्यालय के बाहर लगा यह पोस्टर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो सकती है.