देश-दुनिया, राजनीति, सोशल मीडिया

Kargil Vijay Diwas: राष्ट्रपति मुर्मू बोलीं- जवानों का समर्पण सदैव प्रेरित करेगा, पीएम ने कही ये बात

Kargil Vijay Diwas: राष्ट्रपति मुर्मू बोलीं- जवानों का समर्पण सदैव प्रेरित करेगा, पीएम ने कही ये बात

Kargil Vijay Diwas: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने करगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि विजय दिवस देश के जवानों की असाधारण वीरता और दृढ़ निश्चय का प्रतीक है। मुर्मू ने कहा कि राष्ट्र के प्रति जवानों का समर्पण और सर्वोच्च बलिदान देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘करगिल विजय दिवस के अवसर पर मैं मातृभूमि के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। यह दिवस हमारे जवानों की असाधारण वीरता, साहस एवं दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। देश के प्रति उनका समर्पण और सर्वोच्च बलिदान देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। जय हिन्द! जय भारत!’

पीएम मोदी ने कारगिल विजय दिवस पर कही ये बात

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि यह दिवस करगिल के पहाड़ों से पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़ने में भारतीय सशस्त्र बलों की सफलता का प्रतीक है। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘देशवासियों को करगिल विजय दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। यह अवसर हमें मां भारती के उन वीर सपूतों के अप्रतिम साहस और शौर्य का स्मरण कराता है जिन्होंने देश के आत्मसम्मान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के जवानों का मातृभूमि के लिए मर-मिटने का जज्बा हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *