India vs South Africa ICC Women’s World Cup 2025: 2025 महिला वनडे वर्ल्ड कप के खिताब को भारतीय टीम ने अपने नाम कर लिया है। भारतीय महिला टीम ने महिला वनडे विश्व कप 2025 के फाइनल में द. अफ्रीका को 52 रन से हरा दिया। महिला विश्व कप 2025 का फाइनल मुकाबला नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया। फ़ाइनल मैच में भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें आमने-सामने रहीं। इस फाइनल मैच को भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीतकर इतिहास रच दिया है। इस फाइनल मुकाबले में शुरू से ही भारतीय टीम ने दबदबा कायम रखा। भारतीय टीम ने फाइनल में तेजतर्रार शुरुआत की। टीम इंडिया ने शुरूआती सात ओवर में बिना विकेट गंवाए 51 रन बनाए। भारतीय टीम ने वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया। सबसे बड़ा स्कोर 2022 वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने बनाया था। उसने इंग्लैंड के खिलाफ 356 रन बनाए थे।
फाइनल मुकाबले में लौरा वोल्वार्ड्ट ने बनाया शतक
भारतीय महिला टीम के खिलाफ आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीकी महिला टीम की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट के बल्ले से शानदार शतकीय पारी देखने को मिली। वोल्वार्ड्ट वर्ल्ड कप के इतिहास में एलिसा हीली के बाद सिर्फ दूसरी ऐसी खिलाड़ी हैं जिन्होंने एक ही एडिशन में सेमीफाइनल और फाइनल दोनों में शतकीय पारी खेली। दीप्ति शर्मा ने टीम इंडिया को सबसे बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने वोल्वार्ट को अमनजोत कौर के हाथों कैच कराया। वोल्वार्ट ने 98 गेंद में 11 चौके और एक छक्के की मदद से 101 रन की पारी खेली।
दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया
बता दें कि मैच दोपहर तीन बजे से शुरू होना था, लेकिन बारिश की आंख मिचोली के कारण टॉस में लगभग दो घंटे की देरी हुई। 4:32 बजे दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। भारत ने 50 ओवर के खेल के बाद सात विकेट गंवाकर 298 रन बनाए और दक्षिण अफ्रीका के सामने 299 रन का लक्ष्य रखा। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा और शेफाली वर्मा ने अर्धशतकीय पारी खेली। एक वक्त ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम 350 के स्कोर तक पहुंच जाएगी, लेकिन मध्यक्रम में विकेट गिरने और धीमी बल्लेबाजी से ऐसा नहीं हो सका और भारतीय टीम 300 के करीब ही पहुंच पाई। यह महिला वनडे विश्व कप फाइनल का दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर और भारत का विश्व कप फाइनल का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।
इस मामले में ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर है। उसने 2022 विश्व कप फाइनल में पांच विकेट पर 356 का स्कोर बनाया था। इससे पहले कभी महिला विश्व कप फाइनल में इतना बड़ा स्कोर चेज नहीं हुआ है। दक्षिण अफ्रीका का सबसे बड़ा चेज महिला वनडे विश्व कप में 275 रन का है। ऐसा उन्होंने 2022 में भारत के खिलाफ ही किया था। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने 58 रन और शेफाली ने 87 रन की पारी खेली। इसके अलावा स्मृति मंधाना ने 45 रन बनाए। वहीं, ऋचा घोष ने 24 गेंद में 34 रन की तूफानी पारी खेली। जेमिमा रॉड्रिग्स 24 रन और कप्तान हरमनप्रीत कौर 20 रन बनाकर आउट हुईं। वहीं, अमनजोत कौर ने 12 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से अयाबोंगा खाका ने तीन विकेट लिए। वहीं, मलाबा, डी क्लर्क और क्लो ट्रायोन को एक-एक विकेट मिला।
अब तक की सबसे बड़ी इनामी राशि
पिछले महिला वनडे विश्व कप 2022 (न्यूजीलैंड) में विजेता टीम को 1.32 मिलियन डॉलर यानी करीब 11.65 करोड़ रुपये मिले थे, लेकिन 2025 संस्करण में प्राइज मनी का ढांचा पूरी तरह बदल दिया गया है। इस बार कुल इनामी राशि 13.88 मिलियन डॉलर (करीब 122.5 करोड़ रुपये) होगी, जो 2022 के वर्ल्ड कप (3.5 मिलियन डॉलर यानी 31 करोड़ रुपये) से लगभग तीन गुना है। दिलचस्प बात यह है कि यह प्राइज मनी पुरुष वर्ल्ड कप 2023 (10 मिलियन डॉलर यानी 88.26 करोड़ रुपये) से भी ज्यादा है। 2023 में हुए पुरुषों के वनडे विश्व कप की विजेता टीम ऑस्ट्रेलिया को 33.31 करोड़ रुपये मिले थे। वहीं, उपविजेता भारत को 16.65 करोड़ रुपये मिले थे।
फाइनल के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग XI
-
भारत महिला: शैफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्ज, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, राधा यादव, क्रांति गौड़, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर।
-
दक्षिण अफ्रीका महिला: लौरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), ताज़मिन ब्रिट्स, एनेके बॉश, सुने लुस, मारिज़ैन कप्प, सिनालो जाफ्टा (विकेटकीपर), एनेरी डर्कसन, क्लोई ट्रेयॉन, नादिन डी क्लार्क, अयाबोंगा खाका, नॉनकुलुलेको म्लाबा।