लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बाढ़ और बारिश से नदियां उफान पर हैं। मौसम विभाग ने रविवार को 29 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखीमपुर खीरी, बलिया और गोंडा सहित आठ जिलों के कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। लखीमपुर खीरी में 4 सेकेंड में मकान बह गया। यहां 24 घंटे में 8 मकान नदी में समा गए हैं। पूरे प्रदेश की बात करें तो इस सीजन में बाढ़-बारिश से 1361 मकान ढह चुके हैं।
वहीं, बहराइच के कोतवाली इलाके में तीन चचेरी बहनों की शनिवार शाम पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। तीनों घर से खेलने के लिए निकली थीं। पुल को लेकर खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में तीनों डूब गईं। काफी देर तक उनके वापस न लौटने पर परिजन और ग्रामीण उन्हें तलाश करते हुए पहुंचे। लोगों ने बताया कि तीन बच्चियां पानी से भरे गड्ढे में गिर गई थीं। तलाश में तीनों का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कुछ जिलों में चार-पांच दिनों में हल्की बारिश के आसार
लखनऊ के मौसम विज्ञानी अतुल सिंह ने बताया कि यूपी में कोई भी वेदर सिस्टम सक्रिय नहीं होने से मानसूनी बारिश पूर्वी तराई हिस्सों तक सिमट गई है। बंगाल की खाड़ी में एक और वेदर सिस्टम के सक्रिय होने के संकेत हैं। इसके असर से अगले चार-पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
आज 29 जिलों में बारिश का अलर्ट
कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।