उत्तर प्रदेश, राजनीति

गाड़ी में पेट्रोल है, तो लाइन क्यों लगाना, लॉकडाउन की अफवाह फैलाई जा रही: सीएम योगी

गाड़ी में पेट्रोल है, तो लाइन क्यों लगाना, लॉकडाउन की अफवाह फैलाई जा रही: सीएम योगी

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने रविवार को लखनऊ में के लोकभवन में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के चयनित नर्सिंग अधिकारियों को जॉइनिंग लेटर बांटे। कुल 665 नर्सिंग अधिकारियों का चयन किया गया है। इनमें 345 पुरुष एवं 320 महिला अभ्यर्थी हैं।

मुख्‍यमंत्री योगी ने 20 अभ्यर्थियों को सीधे जॉइनिंग लेटर सौंपे। बाकी अभ्यर्थियों को ऑनलाइन जॉइनिंग लेटर भेजे जाएंगे। योगी ने कहा कि पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया के परिणाम सबके सामने होते हैं। हमने 9 लाख अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी दी। चयन प्रकिया पर विरोधी भी सवाल नहीं उठा सकता। नियुक्ति पारदर्शी होने से ही इसमें कोर्ट का भी दखल नहीं है।

लॉकडाउन की अफवाह फैलाई जा रही

सीएम योगी ने कहा, मोदी को रोकने के लिए किस तरह निम्न स्तर के प्रयास हो रहे हैं? क्या-क्या अफवाह फैलाई जा रही? कह रहे हैं, लॉकडाउन लग जाएगा। हमारा कर्तव्य है कि सिलेंडर 25 दिन चलता है, तो 5वें दिन क्यों लाइन में खड़े हो रहे हैं? जब पेट्रोल गाड़ी में पूरा है, तो फिर लाइन में क्यों लग रहे हैं? इन अफवाहबाजों से सावधान और सतर्क रहना होगा।

उन्‍होंने कहा कि जब देश की लीडरशिप आपके साथ है, तो क्यों चिंता कर रहे हैं? जनता ने उन्हें सरकार से बेदखल कर दिया, अब वे अफवाह फैला रहे हैं। अफवाह फैलाना भी राष्ट्रद्रोह है।

गड़बड़ी करने वालों की क्या हालत करते हैं, किसी से छिपा नहीं

योगी आदित्‍यनाथ ने कहा, साल 2017 से पहले ज्यादातर भर्ती बाधित थी। यूपी को 9 लाख मैनपावर मिलने से बीमारू राज्य को देश का ग्रोथ इंजन बना दिया। जिस राज्य के पास वेतन देने तक के पैसे नहीं होते थे, अब रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है। आज हमारी प्रति व्यक्ति आय तीन गुना है।

भर्ती परीक्षा में किसी तरह का दखल भी नहीं है। हर हफ्ते नियुक्ति पत्र वितरित किया जाता है। भर्ती आयोग पर शासन की तीसरी नजर रहती है। कहीं कोई गड़बड़ी नहीं करे। कोई युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करे, उससे पहले ही उसे पकड़कर उसकी क्या हालत करते हैं, यह किसी से छिपा नहीं।

जेवर एयरपोर्ट से 1 लाख को रोजगार मिलेगा

सीएम योगी ने कहा कि यूपी में कल सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाया है। हमारा राज्य सबसे बड़ा है, तो हम काम भी सबसे बड़ा करेंगे। एक लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा। जेवर पहले प्रदेश का सबसे बड़ा अपराध का केंद्र था। शाम को वहां से कोई गुजरता नहीं था।

आज उसे निवेश का सबसे बड़ा केंद्र बनाया है। वहां फिल्म सिटी बन रही। सेमीकंडटर यूनिट का शिलान्यास भी उसके पास हुआ है। एक समय तेल के बिना जनता लाचार हो जाती थी, अब सेमीकंडक्टर के बिना लाचार हो जाती है।

हमारे काम का नतीजा है, हर हफ्ते नियुक्ति पत्र बंटना

मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि जीरो टॉलरेंस सिर्फ अपराध और अपराधियों के प्रति ही नहीं है। जीरो टॉलरेंस करप्शन के प्रति भी है। जीरो करप्शन के लक्ष्य को लेकर सरकार पहले दिन से चल रही है। इसी का नतीजा है कि हर हफ्ता हम किसी न किसी नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम से जुड़ते हैं।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *