Nepal Protest Update: नेपाल में सोशल मीडिया बैन और भ्रष्टाचार के खिलाफ दो दिन से जारी हिंसा और उपद्रव के असर ने उत्तर प्रदेश से सटे नेपाली जिलों को चपेट में ले लिया है। मंगलवार देर शाम तक यूपी से सटे बॉर्डर के एंट्री पॉइंट्स के दूसरी ओर आगजनी और तोड़फोड़ होती रही। सबसे ज्यादा हिंसा लखीमपुर खीरी से लगे धनगढ़ी शहर में हुई। यूपी से लगे नेपाल की 600 km बॉर्डर की सुरक्षा में एसएसबी और पुलिस के जवान सतर्क रहे। रातभर पेट्रोलिंग चलती रही।
बहराइच-नेपाल बॉर्डर पर बांके जिले के नेपालगंज शहर में टायर जलाकर प्रदर्शन हुआ। जमुनहा चौकी पर तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारी भारतीय सीमा में घुसने लगे तो SSB और पुलिस ने उन्हें वापस भेज दिया। लखीमपुर खीरी में बॉर्डर सील कर दिया गया है। यहां सीमा से महज एक किमी दूर कैलाली जिले के धनगढ़ी शहर में भी हिंसा हुई। यहां भीड़ ने छह बार के पूर्व पीएम शेर बहादुर देउबा के घर को आग के हवाले कर दिया।
महराजगंज से सटे नेपाली जिले में भी हिंसा
भीड़ ने शेर बहादुर और उनकी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। यहां हिंसक प्रदर्शनकारियों ने विदेश मंत्री आरजू राणा देउबा के आवास, मुख्यमंत्री कार्यालय और कई राजनीतिक दलों के दफ्तरों में आगजनी की। धनगढ़ी में प्रदर्शनकारियों ने जेल पर धावा बोल दिया। यहां बंद सभी कैदियों को छुड़ा लिया है।
हिंसा को नियंत्रित करने के लिए धनगढ़ी में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है, जबकि भारत-नेपाल सीमा पर लखीमपुर खीरी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। महराजगंज से सटे नेपाली जिले में भी हिंसा हुई। हजारों की संख्या में बाइक सवार प्रदर्शन कर रहे हैं। बैरिकेडिंग तोड़ दी है।
नेपाल की हिंसा का यूपी में क्या असर है?
- गोरखपुर में रोडवेज डिपो से नेपाल के सोनौली बॉर्डर जाने वाली बसों की संख्या में अचानक 50 फीसदी तक गिरावट आई है।
- नेपाल जाने वाली 4 फ्लाइट्स की लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर लैंडिंग हुई है। फ्लाइट्स दिल्ली, दुबई और बैंकॉक से काठमांडू जा रही थीं।
- अबूधाबी से काठमांडू जाने वाली फ्लाइट वाराणसी के लिए डायवर्ट कर दी गई। दोपहर 3.20 बजे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट लैंड की। फ्लाइट में 144 यात्री थे।
- बहराइच में रुपईडीहा बॉर्डर पर भारतीयों को नेपाल जाने से मना किया जा रहा है। SSB चेक पोस्ट पर सघन चेकिंग कर रही है।
नेपाल से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट पर निगरानी की जा रही: सरकार
यूपी सरकार ने कहा कि पुलिस मुख्यालय की सोशल मीडिया इकाई को नेपाल से संबंधित किसी भी संवेदनशील जानकारी या पोस्ट पर लगातार नजर रखने के लिए कहा गया है। जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। यूपी पुलिस राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
लखनऊ में नेपाल के पूर्व पीएम के पोते बोले- देश लंबे समय से भ्रष्टाचार से जूझ रहा
नेपाल के राजनीतिक हालात पर नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. केआई सिंह के पोते यशवंत शाह ने लखनऊ में कहा, 8 सितंबर को राजधानी में एक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया था। इसमें कोई राजनीतिक दल शामिल नहीं था। इसका आह्वान ‘स्टूडेंट्स फॉर जस्टिस’ नामक छात्र संगठन ने किया था।
#WATCH लखनऊ, उत्तर प्रदेश | नेपाल के राजनीतिक हालात पर नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. केआई सिंह के पोते यशवंत शाह ने कहा, "8 सितंबर को राजधानी में एक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया था। इसमें कोई राजनीतिक दल शामिल नहीं था। इसका आह्वान 'स्टूडेंट्स फॉर जस्टिस' नामक छात्र… pic.twitter.com/Hrh62OaglS
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 9, 2025
इस विरोध प्रदर्शन में लगभग 12000 लोग जुटे थे। विरोध प्रदर्शन और प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। देश लंबे समय से भ्रष्टाचार से जूझ रहा। अच्छे पर्यटन और कारोबार के बावजूद, यहां भारी गरीबी और बेरोजगारी है।
नेपाल में फंसे भारतीयों को निकालने की कोशिश जारी- SSB इंस्पेक्टर
SSB इंस्पेक्टर अरुण पांडे ने कहा कि पिछले 2-3 दिन से नेपाल के हालात खराब थे, लेकिन कल भैरवा के इलाके में भयावह घटना घटी। सीमा के नजदीक भन्सार को जला दिया गया और कई जगह आगजनी की, चैयरमेन के घर को जला दिया गया।
कल शाम के बाद से कोई घटना नहीं हुई है। हमारी नेपाल पुलिस के साथ लगातार संपर्क है। अभी स्थिति सामान्य होने की तरफ है। जितने भी भारतीय नागरिक वहां पर फंसे हैं, उन्हें निकालने की कोशिश की जा रही है। नेपाली को जिनको मेडिकल की जरूरत है उन्हें भी भेजा रहा है।
नेपाल में फंसे भारतीयों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
नेपाल में फंसे भारतीयों की मदद के लिए यूपी सरकार ने नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) बनाया है। इसके लिए हेल्पलाइन और वॉट्सऐप नंबर जारी किए गए हैं।
0522-2390257
0522-2724010
9454401674 (मोबाइल/वॉट्सऐप नंबर)।
DGP बोले- पुलिस नेपाल बॉर्डर पर 24 घंटे हाईअलर्ट पर रहे
नेपाल में हालात बिगड़ने के चलते सीएम योगी ने सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद यूपी पुलिस के डीजीपी राजीव कृष्ण ने आदेश जारी किया है कि नेपाल से सटे सभी जिलों में पुलिस 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहे।