नई दिल्ली: अक्टूबर महीना खत्म होने के साथ ही नवंबर की शुरुआत हो गई है। साथ ही आज से छह बड़े बदलाव भी हो रहे हैं। इसमें बैंक नॉमिनेशन के नियमों में बदलाव से लेकर कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में कमी और फास्टैग के नए नियम शामिल है। इसके अलावा AI से जुड़ा भी एक बदलाव है। 4 नवंबर से चैट जीपीटी गो का सब्सक्रिप्शन भारतीय यूजर्स को फ्री में मिलेगा। जेमिनी प्रो का भी सब्सक्रिप्शन फ्री में मिल रहा है। चलिए अब जानते हैं, आज से होने वाले बदलावों के बारे में…
बैंक खाते में एक नहीं, चार नॉमिनी रख सकेंगे
अब आप अपने बैंक अकाउंट में एक की जगह चार नॉमिनी जोड़ पाएंगे। यह भी तय कर पाएंगे कि चार नॉमिनी में से किसे कितना हिस्सा मिलेगा। नए नियम 01 नवंबर, 2025 से लागू हो गए हैं।
वित्त मंत्रालय ने 23 अक्टूबर को बताया कि इस बदलाव से बैंकिंग क्लेम और उत्तराधिकार की प्रोसेस आसान और पारदर्शी बनेगी। नॉमिनी को कभी भी बदला या रद्द किया जा सकेगा। नॉमिनी वह व्यक्ति होता है, जिसे अकाउंट होल्डर नामित करता है, जिससे उसकी मृत्यु पर खाते की राशि या संपत्ति को बिना लंबी कानूनी प्रक्रिया के उसके हवाले किया जा सके।
बैंक अकाउंट में नॉमिनी जोड़ने के तरीके
- नया अकाउंट खोलते समय
- अकाउंट ओपनिंग फॉर्म में ही ‘नॉमिनी डिटेल्स’ भरें।
- नाम, जन्मतिथि, रिश्ता और पता भरें।
पुराने अकाउंट में ऐसे जोड़ें
ऑफलाइन तरीका
- अपने बैंक ब्रांच जाएं।
- नॉमिनी की जानकारी भरें
- DA-1 फॉर्म (नॉमिनेशन फॉर्म) लें।
- फॉर्म पर साइन करें और जमा करें।
- बैंक आपको एक्नॉलेजमेंट स्लिप देगा।
ऑनलाइन तरीका
- नेट बैंकिंग या मोबाइल एप में लॉगिन करें।
- नॉमिनी का डिटेल भरें।
- सर्विस/माय अकाउंट > अपडेट नॉमिनी डिटेल्स सिलेक्ट करें।
- OTP से वेरीफाई करें और सबमिट करें।
- कन्फर्मेशन मैसेज या मेल मिलेगा।
आधार अपडेट के नए चार्जेस
- भारत सरकार की यूआईडीएआई ने बच्चों के आधार कार्ड में बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपये की फीस माफ कर दी है। ये एक साल तक मुफ्त रहेगा।
- बड़ों के लिए नाम, जन्मतिथि, पता या मोबाइल नंबर अपडेट करने का खर्च 75 रुपये है।
- फिंगरप्रिंट या आईरिस स्कैन जैसे बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपये लगेंगे।
- बिना कोई डॉक्यूमेंट जमा किए पता, जन्मतिथि या नाम भी ऑनलाइन अपडेट कर सकते हैं।
चैटजीपीटी गो सब्सक्रिप्शन एक साल के लिए फ्री
ओपनएआई भारत में ‘चैटजीपीटी गो’ का सब्सक्रिप्शन प्लान एक साल के लिए फ्री करने जा रहा है। ये ऑफर 4 नवंबर, 2025 से भारतीय यूजर्स के लिए एक्टिव होगा। अभी यह सब्सक्रिप्शन भारत में 399 रुपये प्रति महीने का है। यानी यूजर को साल में 4,788 रुपये का फायदा होगा।

चैटजीपीटी के इस प्लान में ज्यादा चैट और इमेज बना सकते हैं। चैटजीपीटी गो ओपनएआई का मिड-लेवल प्रीमियम प्लान है। कंपनी का कहना है कि भारत उसका दूसरा सबसे बड़ा और सबसे तेज बढ़ने वाला मार्केट है।
फास्टैग के दो नए नियम
जिन गाड़ियों के फास्टैग में अभी तक जरूरी नो योर व्हीकल (KYV) वेरिफिकेशन नहीं हुआ है, वो डीएक्टिवेट हो सकते हैं। लेकिन नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया बैंकों से रिमाइंडर भेजकर ग्रेस पीरियड दे रही है, जिससे सर्विस तुरंत बंद न हो।
वहीं, अब यूजर्स को KYV के लिए सिर्फ नंबर प्लेट और फास्टैग की फ्रंट फोटो अपलोड करनी होगी। साइड फोटो की जरूरत नहीं है। इससे वेरिफिकेशन प्रक्रिया आसान होगी।
फास्टैग से जुड़ा दूसरा बदलाव नया टोल पेनल्टी सिस्टम से जुड़ा है। ये 15 नवंबर, 2025 से लागू हो रहा है। फास्टैग के बिना गाड़ियों के लिए यूपीआई से पेमेंट करने वालों को 1.25 गुना स्टैंडर्ड टोल फीस देनी पड़ेगी। अगर कैश से पेमेंट करते हैं तो पहले की तरह दोगुना चार्ज लगेगा।
लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं किया तो पेंशन रुक सकती है
पेंशन लेने वाले सेंट्रल और स्टेट गवर्नमेंट के रिटायर्ड एम्प्लॉयी को इस साल की ‘लाइफ सर्टिफिकेट’ सबसे नजदीकी बैंक ब्रांच में नवंबर के आखिर तक जमा करनी होगी। जो एम्प्लॉयी नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) से यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) में स्विच करना चाहते हैं, उन्हें भी ये काम नवंबर के आखिर तक ही पूरा करना होगा।
कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 6.50 रुपये तक घटे
आज से 19 किलो वाला कॉमर्शियल गैस सिलेंडर ₹6.50 तक सस्ता हो गया है। कोलकाता में इसकी कीमत 6.50 रुपए घटकर ₹1694 हो गई है। पहले ये ₹1700.50 में मिल रहा था। वहीं, चेन्नई में यह अब 4.50 रुपये सस्ता होकर 1750 रुपये में मिलेगा।
शहर नए दाम पुराने दाम अंतर
दिल्ली ₹1590.50 ₹1595.50 ₹5.50
कोलकाता ₹1694.50 ₹1700.50 ₹6.50
मुंबई ₹1542.00 ₹1547.00 ₹5.00
चेन्नई ₹1750.00 ₹1754.50 ₹4.50