बरेली: शहर में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली अब सत्ताधारी दल बीजेपी के लिए भी सिर दर्द बन गई है। पूरा मामला रामपुर गार्डन स्थित भारतीय जनता पार्टी (BJP) के क्षेत्रीय कार्यालय का है। यहां बिजली विभाग ने 99,996 रुपये का रिकवरी सर्टिफिकेट (RC) जारी कर दिया है।
वसूली की फाइल जैसे ही एडीएम एफआर कार्यालय पहुंची। भाजपाइयों में हड़कंप मच गया। अधिशासी अभियंता सूर्य कुमार की ओर से 18 फरवरी को जारी इस नोटिस ने विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बीजेपी जिलाध्यक्ष बोले– अधिकारियों से हिसाब-किताब करेंगे
इस पूरे प्रकरण पर भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा कार्यालय का बिजली बिल हमेशा समय पर जमा किया जाता है, ऐसे में आरसी जारी करना समझ से परे है। उन्होंने कहा कि यह किसी अधिकारी की बड़ी लापरवाही है और इस संबंध में उच्चाधिकारियों से सीधी बात की जाएगी कि आखिर बिना किसी ठोस आधार के यह मांगपत्र कैसे जारी कर दिया गया।
फिलहाल, यह आरसी वसूली के लिए एडीएम एफआर कार्यालय में लंबित है। विभाग के इस कदम ने न केवल भाजपा कार्यालय की वित्तीय व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, बल्कि बिजली विभाग के भीतर चल रही आंतरिक अव्यवस्था को भी उजागर कर दिया है। अब देखना यह होगा कि जिलाध्यक्ष की आपत्ति के बाद विभाग अपनी गलती सुधारता है या फिर यह मामला शासन स्तर तक पहुंचता है।