उत्तर प्रदेश, राजनीति

मंत्री एके शर्मा के प्रयासों से मऊ में स्वास्थ्य सेवाओं को मिला बड़ा आयाम

मंत्री एके शर्मा के प्रयासों से मऊ में स्वास्थ्य सेवाओं को मिला बड़ा आयाम

लखनऊ: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के लगातार एवं प्रभावी प्रयासों से मऊ में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। उनके विशेष प्रयासों के परिणामस्वरूप भारत सरकार के उपक्रम एनटीपीसी के सहयोग से जिला अस्पताल मऊ में 62.10 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की स्थापना की जाएगी, जिससे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को नया बल मिलेगा।

इस योजना के अंतर्गत जिला अस्पताल में इको मशीन, सी आर्म  मशीन, लेप्रोस्कोपी एवं वेंटिलेटर सहित अन्य आधुनिक चिकित्सा उपकरण स्थापित किए जाएंगे। इन सुविधाओं के उपलब्ध होने से मरीजों को अब जटिल ऑपरेशन एवं गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार की सुविधा मिलने से समय और धन दोनों की बचत होगी तथा मरीजों को त्वरित राहत मिल सकेगी।

धरातल पर उतर रहीं जनकल्‍याणकारी योजनाएं

मंत्री एके शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उनके नजदीक ही उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि मऊ जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में यह पहल एक मील का पत्थर साबित होगी और इससे आमजन को सीधे लाभ पहुंचेगा। केंद्र एवं राज्य सरकार की समन्वित कार्यशैली के कारण ही इस प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं।

एनटीपीसी द्वारा दिया गया सहयोग सामाजिक दायित्व के उत्कृष्ट उदाहरण के रूप में देखा जा सकता है, जिससे क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिलेगी। उन्‍होंने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री  तथा एनटीपीसी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन और सहयोग से ही इस प्रकार के विकास कार्य संभव हो पा रहे हैं, जो सीधे तौर पर जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सहायक हैं।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *