उत्तर प्रदेश, देश-दुनिया, राजनीति, सोशल मीडिया

Delhi Blast: पीएम मोदी, राहुल गांधी से लेकर अखिलेश यादव तक, जानें दिल्ली धमाके पर कौन क्या बोला?

Delhi Blast: पीएम मोदी, राहुल गांधी से लेकर अखिलेश यादव तक, जानें दिल्ली धमाके पर कौन क्या बोला?

Delhi Blast Updates: सोमवार देर शाम दिल्ली के लाल किले के निकट एक कार में हुए भीषण धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया। शाम करीब सात बजे हुए इस जोरदार विस्फोट के कारण न केवल कार में आग लगी, बल्कि आसपास खड़ी कई अन्य गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं। इस भयावह घटना में 10 लोगों की दुखद मृत्यु हो गई है, जबकि लगभग कई घायल बताए जा रहे हैं। धमाके के बाद अलग-अलग दलों के नेताओं के बयान सामने आने लगे हैं।

पीएम मोदी ने भी व्यक्त की संवेदनाएं

पीएम मोदी ने कहा, आज शाम दिल्ली में हुए विस्फोट में अपनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावित लोगों की सहायता अधिकारी कर रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह जी और अन्य अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की।

राहुल गांधी ने धमाके पर जताया दुख

राहुल गांधी ने कहा, ‘दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट की ख़बर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। इस दुखद हादसे में कई निर्दोष लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। इस दुख की घड़ी में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा हूं और उनको अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं।’

अरविंद केजरीवाल ने प्रकट किया शोक

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, लाल किले के पास हुए धमाके की खबर बेहद चिंताजनक है। बताया जा रहा है कि इसमें कुछ लोगों की जान भी गई है, ये बेहद दुखद है। पुलिस और सरकार को तुरंत इसकी जांच करनी चाहिए कि ये धमाका कैसे हुआ और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है। दिल्ली की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी जताया शोक

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, दिल्ली में कार विस्फोट की घटना बेहद दर्दनाक और परेशान करने वाली है। इस अत्यंत दुःख की घड़ी में, मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी व्यक्त की संवेदनाएं

प्रियंका गांधी ने कहा, दिल्ली में हुए धमाके में कई लोगों की मृत्यु एवं कई के घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

अखिलेश यादव ने कही यह बात

अखिलेश यादव ने कहा, दिल्ली ब्लास्ट एक बेहद दुखद और गंभीर घटना है। इसकी हर पहलू से जांच की जाए। इस ब्लास्ट से देश की राजधानी में जो भय व्याप्त हुआ है, उससे जनता को उबारने के लिए तुरंत सुरक्षा प्रबंध किये जाएं। मृतकों के प्रति गहरी संवेदना। सभी घायलों का अच्छे से अच्छा इलाज सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *