Bareilly: शहर के प्रमुख धार्मिक व पर्यटन स्थलों के सुंदरीकरण के लिए बजट जारी किया गया है। 10.35 करोड़ रुपये से बड़ा बाग हनुमान मंदिर, लीलौर झील समेत कुल छह पर्यटन स्थल संवारे जाएंगे। इससे यहां आने वाले पर्यटकों को सहूलियत होगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। हार्टमन स्थित बड़ा बाग हनुमान मंदिर के विकास के लिए 3.55 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। विकास भवन के सामने आनंद आश्रम के लिए 90 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इससे यहां आने वाले यात्रियों के लिए हॉल बनाया जाएगा। आंवला क्षेत्र में लीलौर झील पर 52 हेक्टेयर में काम कराया जा रहा है। इसके लिए पांच करोड़ रुपये की डिमांड शासन को भेजी गई थी। तीन करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। यात्री यात्री हॉल, फूड कोर्ट, टॉयलेट ब्लॉक, कैफेटेरिया बनाया जाएगा। पर्यटकों के लिए बोटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
इन स्थलों पर भी होंगे विकास कार्य
अहिच्छत्र किला, गुलड़िया गौरीशंकर मंदिर में भी ओपेन हॉल का निर्माण कराया जाएगा। आंवला क्षेत्र में स्थित जैन मंदिर के सुंदरीकरण के लिए 2.50 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इससे वहां बड़ा यात्री हॉल, टायलेट, फूलों की दुकानें बनाई जा रही हैं। उससे 500 मीटर की दूरी पर स्थित द्रौपदी स्वयंवर स्थल के लिए 90 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। यहां पेंटिंग म्यूरल बनाए जाएंगे। यह दीवार, छत या किसी अन्य बड़े स्थायी ढांचे पर सीधे बनाई गई कलाकृति होगी। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रवींद्र कुमार ने बताया कि जिले के पर्यटन स्थलों के विकास के लिए शासन से 10.35 करोड़ स्वीकृत हुए हैं। इससे स्थलों का विकास होगा और पर्यटकों की संख्या भी बढ़ेगी। व्यापार बढ़ने के साथ लोगों को रोजगार भी मिलेंगे।