उत्तर प्रदेश, राजनीति

SIR में लापरवाही बरतने पर बरेली में 36 BLO की सैलरी पर रोक, डीएम ने की कार्रवाई

SIR में लापरवाही बरतने पर बरेली में 36 BLO की सैलरी पर रोक, डीएम ने की कार्रवाई

बरेली: विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) यानी SIR अभियान में लापरवाही करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) पर जिला प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। डीएम अविनाश सिंह के आदेश पर विधानसभा क्षेत्र 124-बरेली के 36 BLO की सैलरी रोकने और उनके खिलाफ FIR दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों की अवहेलना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन अधिकारियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण का जिम्मा सौंपा गया है, उन्हें पूरी निष्ठा से कार्य करना होगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो BLO तय समय में घर-घर सर्वे नहीं कर रहे हैं या गणना प्रपत्र वितरित नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ सुसंगत धाराओं में FIR दर्ज की जाएगी।

इन BLO पर कार्रवाई

124-बरेली विधानसभा के जिन BLO पर कार्रवाई की जा रही है, उनमें डॉ. सुशीला गिरिश, राकेश कुमार, विरेन्द्र कुमार, वीरेन्द्र कुमार मौर्य, विजय पाल सिंह, ललिता देवी, लखनलाल मिश्रा, हाफिज सिद्दीकी, मुकेश कुमार, जगदीश प्रसाद, सुरेश कुमार, रामकुमार यादव, दिनेश कुमार, हरीश कुमार, रूपा तिवारी, अमनदीप कौर, मनोज कुमार, फैज़ान खान, अर्चना चौहान, जितेंद्र वर्मा, हरिकृष्ण गौतम, अंजलि सिंह, प्रीति गुप्ता, मोहम्मद रईस, नवीन कुमार, फरजाना अंसारी, सविता यादव, प्रमोद कुमार, सविता सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, विनोद शर्मा, भावना सक्सेना, हरीश गौतम, रमेश मिश्रा, नीलम यादव और सुनील कुमार शामिल हैं।

डीएम ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की यह विशेष पहल 22 साल बाद दोबारा शुरू की गई है। 1951 से अब तक कुल 8 बार गहन पुनरीक्षण हुआ है, पिछली बार यह प्रक्रिया वर्ष 2003 में हुई थी। इस बार देश के 12 राज्यों में एक साथ SIR अभियान चल रहा है, जिसमें उत्तर प्रदेश भी शामिल है।

4 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलेगा अभियान

अभियान के तहत BLO को निर्देश दिए गए हैं कि वे 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक घर-घर जाकर मतदाताओं के फॉर्म भरवाएं और पावती पत्र दें। इसके बाद 9 दिसंबर को आलेख्य मतदाता सूची प्रकाशित होगी, जबकि 9 दिसंबर से 8 जनवरी तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। अंतिम मतदाता सूची 7 फरवरी 2026 को जारी की जाएगी।

डीएम अविनाश सिंह ने राजनीतिक दलों से भी अपील की है कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करें और BLO के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, क्योंकि सही मतदाता ही लोकतंत्र की नींव को मजबूत करता है।

इस बीच सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, ADM सिटी सौरभ दुबे, SDM बहेड़ी, SDM निधि शुक्ला और SDM फरीदपुर ने अपने-अपने क्षेत्रों में BLO के साथ अभियान की शुरुआत की। अधिकारियों ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरण का जायजा लिया और चेतावनी दी कि किसी भी तरह की लापरवाही सीधे FIR में तब्दील होगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि SIR अभियान में ढिलाई करने वाले किसी भी BLO को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *