Bareilly: एलपीजी संकट के बीच बरेली में जिलाधिकारी ने गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी व जमाखोरी रोकने व गैस एजेंसियों पर कड़ी निगरानी के लिए निर्देश दिए हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में जनपद की तीनों तेल और गैस कंपनियों व आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में एलपीजी एवं पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति के संबंध में समीक्षा की गई। कंपनियों के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि जिले में एलपीजी सिलिंडर, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। पर्यात मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। नए नियम के तहत गैस सिलिंडर की रिफिल की अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन की गई है। कालाबाजारी रोकने के लिए ओटीपी आधारित वितरण व्यवस्था लागू की गई है।
गैस सिलिंडर की आपूर्ति एवं वितरण सामान्य
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि जनपद में एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति एवं वितरण सामान्य है। पेट्रोल और डीजल की भी कमी नहीं है। सिलिंडरों की कालाबाजारी व जमाखोरी रोकने के लिए गैस एजेंसियों पर कड़ी निगरानी रखने, उनके दैनिक स्टॉक की मॉनीटरिंग करने तथा क्षेत्र में भ्रमण कर जांच करने के निर्देश अफसरों को दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि लोग किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। जनहित में कंट्रोल रूम के नंबर जारी किए गए हैं। अगर किसी को कोई समस्या होती है तो कंट्रोल रूम पर सूचना दें। अगर कोई अफवाह फैलाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जनहित में एडवाइजरी जारी
डीएम ने बताया कि सभी एलपीजी उपभोक्ताओं को सूचित किया जाता है कि गैस सिलिंडर रिफिल बुक कराने के लिए गैस एजेंसी या गोदाम पर आने की आवश्यकता नहीं है। आप अपने घर से ही निम्न माध्यमों से आसानी से बुकिंग कर सकते हैं।
IVRS / फोन कॉल से बुकिंग
-
भारत गैस – 7715012345 / 7718012345
-
इंडेन गैस – 7718955555
-
एचपी गैस – 8888823456
मिस्ड कॉल से बुकिंग
-
भारत गैस –7710955555
-
इंडेन गैस – 8454955555
-
एचपी गैस – 9493602222
व्हाट्सएप से बुकिंग
-
भारत गैस – 1800224344
-
इंडेन गैस – 7588888824
-
एचपी गैस – 9222201122
मोबाइल ऐप से बुकिंग
-
भारतगैस हेलो बीपीसीएल
-
इंडियन ऑयल वन
-
एचपी पे
ऑनलाइन माध्यम
-
पेटीएम, अमेजॉन, गूगल पे और फोनपे तथा संबंधित कंपनियों की वेबसाइट के माध्यम से भी बुकिंग की जा सकती है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि अनावश्यक भीड़ से बचें और उपरोक्त माध्यमों से ही गैस सिलिंडर की बुकिंग करें।