उत्तर प्रदेश, राजनीति, रोजगार, सोशल मीडिया

Bareilly: अग्निवीर भर्ती रैली 11 मार्च से, इन जिलों के अभ्यर्थी होंगे शामिल; जानिए जरूरी बातें

Bareilly: अग्निवीर भर्ती रैली 11 मार्च से, इन जिलों के अभ्यर्थी होंगे शामिल; जानिए जरूरी बातें

Bareilly: बरेली में 11 मार्च से जाट रेजीमेंट सेंटर में शुरू हो रही सेना अग्निवीर भर्ती रैली के लिए जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश देने के साथ ही अभ्यर्थियों से दलालों से दूर रहने की अपील की है। बता दें कि 11 मार्च से 23 मार्च तक भर्ती रैली होगी। इसमें बरेली, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत, हरदोई, फर्रुखाबाद, बदायूं के अभ्यर्थी शामिल होंगे। 11 मार्च की सुबह ठीक छह बजे से दौड़ शुरू होगी। इसलिए अभ्यर्थियों से समय से सभी दस्तावेज, एडमिट कार्ड साथ लेकर पहुंचने के लिए कहा है।

अगर एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं हो रहा है तो वे सेना भर्ती कार्यालय में सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे के बीच संपर्क कर सकते हैं। अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड पर जो तिथि है उसी दिन उन्हें शामिल होना होगा। इसके लिए एक दिन पूर्व शाम से ही अभ्यर्थियों का प्रवेश परिसर में शुरू हो जाएगा। परिसर में ही उनके रूकने, पीने के पानी, शौचालय और निर्धारित भुगतान पर भोजन की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।

बैरिकेडिंग, जनरेटर, साफ सफाई, एंबुलेंस व्यवस्था के निर्देश

कलक्ट्रेट सभागार में बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एक्सईएन पीडब्ल्यूडी को दो दिन में बैरिकेडिंग का कार्य पूरा करने, बिजली निगम को जनरेटर की सुविधा, स्वास्थ्य विभाग को 108 एंबुलेंस, हेल्थ कैंप, शैक्षिक प्रमाण पत्र सत्यापन और अभ्यर्थियों की सहायता के लिए शिक्षकों की ड्यूटी लगाने, एआरएम रोडवेज को आर्मी भर्ती का फ्लेक्स लगी बसों की सुविधा, फायर ब्रिगेड को आवश्यक प्रबंधन कराने के निर्देश दिए।

बायो टॉयलेट, वाटर टैंक लगे, सफाईकर्मियों की लग रही ड्यूटी

नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि बायो टॉयलेट, वाटरटैंक, सफाई कर्मियों की ड्यूटी लग गई है। डस्टबिन रखे जा रहे हैं। दौड़ में पास होने वाले अभ्यर्थियों के रुकने के लिए रैन बसेरों में व्यवस्था रहेगी। बैठक में एडीएम सिटी सौरभ दुबे, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान, सीएफओ मनु शर्मा, सीओ प्रथम आशुतोष शिवम समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *