लखनऊ: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व यूपी प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर प्रेसवार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सभी को कांग्रेस स्थापना दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं दी। साथ ही कहा कि आज देश जिन चुनौतियों से गुजर रहा है, वह हमारे लिए बेहद चिंता का विषय है। वर्तमान समय में देश का आम जनमानस महंगाई, बेरोजगारी, से जूझ रहा है, किसान बदहाल हो चुके हैं। भाजपा द्वारा देश में आपसी सौहार्द को बिगाड़ने का लगातर प्रयास किया जा रहा है। लोकतंत्र और संविधान को लगातार कमजोर करने का कुचक्र रचा जा रहा है।
अविनाश पाण्डेय ने कहा कि मनरेगा रोजगार की योजना नहीं, बल्कि ग्रामीणों का अधिकार है और ग्राम सभा इसकी आत्मा। इस आत्मा को कमजोर कर भाजपा सरकार देश के गांव और गरीब दोनों को नुकसान पहुंचा रही है। (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) में कामों का चयन, कार्यों की प्राथमिकता, मजदूरों की निगरानी ग्राम सभा के अधिकार क्षेत्र में था, जिसे केंद्रीय पोर्टल, दिशा-निर्देश और मंत्रालयों के अधीन कर दिया गया है, जिससे ग्राम सभा केवल औपचारिक संस्था बनकर रह गई है।
वोट चोरी को बताया गंभीर खतरा
फंड रिलीज में देरी से मजदूरों को महीनों तक मजदूरी नहीं मिलती। कई राज्यों में काम की मांग होने के बावजूद काम नहीं दिया जा रहा, जिसका सीधा असर गरीब मजदूर, किसान और ग्रामीण परिवारों पर पड़ रहा है। पहले ग्राम सभा के माध्यम से भ्रष्टाचार पर रोक, पारदर्शिता, जवाबदेही सुनिश्चित होती थी। अब ऊपर से नियंत्रित व्यवस्था में जवाबदेही घट रही है और भ्रष्टाचार की आशंका बढ़ रही है। उन्होंने एसआईआर के नाम पर हो रही वोट चोरी को लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताया। कहा कि यह कोई साधारण प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि चुनावी व्यवस्था को प्रभावित करने का भाजपा एक सुनियोजित प्रयास है।
कांग्रेस के 140 वर्षों के सफर की 'स्थायी गैलरी' का भव्य उद्घाटन किया
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस पर आज लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में भव्य 'अधिवेशन गैलरी' का लोकार्पण हुआ। यह गैलरी उन संघर्षों की गाथा है, जिसने आधुनिक भारत की नींव रखी।
इस अवसर पर AICC… pic.twitter.com/pKj9abfWDK
— UP Congress (@INCUttarPradesh) December 28, 2025
यूपी कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि मतदाता सूची में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटा जा रहा है, जो संदेह के घेरे में आता है। इससे आम नागरिक का मतदान का संवैधानिक अधिकार छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव हैं, लेकिन भाजपा सरकार के संरक्षण में चुनावी प्रक्रियाओं को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। यह सीधे तौर पर संविधान, चुनाव आयोग की निष्पक्षता और जनता के विश्वास पर हमला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और वोट की रक्षा के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, जननायक राहुल गांधी एवं हमारी मार्गदर्शक राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में सड़क से संसद तक संघर्ष के लिए प्रतिबद्ध है।
100 दिनों में होगा 30 रैलियों का आयोजन
अविनाश पाण्डेय ने कहा कि आने वाले 100 दिनों हम पूरे प्रदेश में ‘‘संविधान संवाद’’ कार्यक्रम के माध्यम से जनपद वाराणसी, अयोध्या, मथुरा, प्रयागराज, गोरखपुर, चित्रकूट सहित प्रदेश भर में 30 रैलियों का आयोजन कर प्रदेश की जनता को जागररूक करने का कार्य करेंगे। न सिर्फ रैलियां, बल्कि भाजपा की कुनीतियों के खिलाफ चौपालें महापंचायतें और सम्मेलनों का भी आयोजन किया जाएगा। पार्टी की विचारधारा से प्रतिबद्ध कैडर को इस लड़ाई में मजबूत भूमिका का निवर्हन करने के लिए पूरे प्रदेश में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 2026 के स्थानीय चुनाव, एमएलसी चुनाव कार्यकर्ताओं की मंशा का सम्मान रखते हुए पार्टी अपने दम पर चुनावी मैदान में उतरेगी और विधानसभा 2027 का चुनाव के दृष्टिकोण से कांग्रेस पार्टी प्रदेश की सभी सीटों पर अपनी चुनावी तैयारियों में डट चुकी है और इंडिया गठबंधन के नेतृत्व में भाजपा से मुकाबला करने के लिए तैयार है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में इनकी रही मौजूदगी
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय, पूर्व मंत्री, राष्ट्रीय सचिव, सह प्रभारी प्रदीप नरवाल, पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, यूपी कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन व सांसद तनुज पुनिया, सांसद राकेश राठौर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक पाण्डेय, मीडिया विभाग के चेयरमैन व पूर्व मंत्री डॉ. सी पी राय, मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी, प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका गुप्ता, आस्था तिवारी, अलीमुल्लाह खान, डॉ. सुधा मिश्रा आदि प्रमुख रूप से शामिल रहीं।