उत्तर प्रदेश, देश-दुनिया, राजनीति

संदिग्ध आतंकी सुहेल के घर ATS की छानबीन, कलमा लिखा काला कपड़ा और साहित्य जब्त

संदिग्ध आतंकी सुहेल के घर ATS की छानबीन, कलमा लिखा काला कपड़ा और साहित्य जब्त

नई दिल्‍ली: दिल्ली में कार ब्‍लास्‍ट से पहले गुजरात में पकड़े गए संदिग्ध आतंकी सुहेल के मामले में भी अब जांच तेज हो गई है। शनिवार को गुजरात ATS की छह सदस्यीय टीम लखीमपुर खीरी के सिंगाही कस्बे में पहुंची। टीम ने सुहेल के घर में तकरीबन डेढ़ घंटे तक छानबीन की। सुहेल के घर से कलमा लिखा काला कपड़ा और अलग-अलग तरह के साहित्य मिले हैं, जिसे जब्त किया गया।

एटीएस सबसे पहले सिंगाही थाने आई, जहां औपचारिकताएं पूरी करने के बाद थाना प्रभारी अजीत कुमार के साथ मोहल्ला झाला वार्ड नंबर एक स्थित सुहेल के घर पहुंची। टीम दोपहर 2:48 बजे सुहेल के घर में दाखिल हुई और शाम को 4:20 बजे बाहर निकली। इस दौरान घर के हर हिस्से की बारीकी से जांच की गई।

घर की महिलाओं से अलग कमरे में पूछताछ

सुहेल के भाई वसीम के अनुसार, ATS के अधिकारी घर से एक काला कपड़ा ले गए, जिस पर उर्दू में कलमा लिखा था। सुहेल के कुछ गर्म कपड़े भी टीम साथ ले गई। परिजनों ने इससे ज्यादा जानकारी देने से इन्कार कर दिया। सूत्रों के अनुसार, एटीएस टीम ने घर की महिलाओं से अलग कमरे में पूछताछ की। अधिकारियों ने सुहेल की पढ़ाई, उसके संपर्कों, गतिविधियों और पिछले कुछ महीनों में आए बदलावों से जुड़ी जानकारी जुटाई। घर में मौजूद कुछ दस्तावेजों और मोबाइल फोन की भी जांच की गई। एटीएम टीम की मौजूदगी की खबर फैलते ही घर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई।

हालांकि, पुलिस ने किसी को भी पास नहीं आने दिया। स्थानीय पुलिस पूरे समय मौके पर मुस्तैद रही और एटीएस को सहयोग देती रही। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि गुजरात एटीएस की टीम आई थी। सुहेल के परिजनों से पूछताछ करके लौट गई। परिजनों ने क्या बताया, इसकी जानकारी जानकारी टीम ने साझा नहीं की है।

गुजरात से हुई थी सुहेल की गिरफ्तारी

सिंगाही के वार्ड नंबर एक निवासी ट्रैक्टर मिस्त्री सलीम का बेटा सुहेल खां तीन वर्ष पहले हाफिज की पढ़ाई करने मुजफ्फरनगर गया था। बताया जा रहा है कि वह 15 दिन पूर्व गुजरात गया था। वहां गुजरात एटीएस ने आठ नवंबर को सुहेल को गिरफ्तार किया था। उस पर आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *