उत्तर प्रदेश, राजनीति

आशुतोष महाराज का दावा- बच्चों से कुकर्म की पुष्टि, शंकराचार्य बोले- बटुक हमारे पास कभी नहीं आए

आशुतोष महाराज का दावा- बच्चों से कुकर्म की पुष्टि, शंकराचार्य बोले- बटुक हमारे पास कभी नहीं आए

वाराणसी/प्रयागराज: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर बच्चों के यौन शोषण का केस दर्ज कराने वाले आशुतोष महाराज ने बुधवार शाम प्रयागराज में मीडिया से बात की। उन्‍होंने कहा कि अविमुक्तेश्वरानंद ने मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और वाराणसी के मठ-आश्रमों में बटुकों का यौन शोषण किया है। सारे सबूत हमारे पास हैं। मेडिकल में बटुकों से कुकर्म की पुष्टि हो गई है। जल्द ही मामले में न्याय होगा।

आशुतोष महाराज ने प्रदेश के उप मुख्‍यमंत्री पर प्रयागराज माघ मेले में साजिश रचने का आरोप लगाया। हालांकि, किसी का नाम नहीं लिया। उन्‍होंने कहा, अविमुक्तेश्वरानंद के शिविर में कई सपा नेता और कांग्रेसी आते-जाते थे। उनके नाम सामने आए हैं। वह बटुकों के कुकर्म में तो शामिल नहीं थे? इसकी जांच हो रही है। माघ मेला साजिश में यूपी के डिप्टी CM शामिल हैं। डिप्टी CM ने कहा था कि अभी धरना दो, जब हम आएं, तब खत्म करना।

शंकराचार्य ने कही ये बात

इसके बाद शंकराचार्य स्‍वामी अविमुक्‍तेश्‍वरानंद ने वाराणसी में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। मेडिकल में यौन शोषण की पुष्टि के दावे पर शंकराचार्य ने कहा, वह बच्चा हमारे पास आया ही नहीं, तो कैसे हो सकता है। हमारे वकीलों ने सारे प्रमाण दिखा दिए कि वो बच्चे उसी के पास थे, हमारे पास नहीं थे। इसका मतलब है कि अगर बच्चों के साथ कुछ हुआ है तो बच्चे जिसके साथ थे, उसी ने किया होगा। शिकायतकर्ता जांच के घेरे में अपने आप आ जाएगा। इसको ये बताना पड़ेगा कि इन बच्चों का हमसे संपर्क कहां हुआ। जब बच्चे हमारे पास आए ही नहीं को कैसे हम कुकर्म कर सकते हैं।

शंकराचार्य ने कहा- हिंदुत्‍व खतरे में है

बुधवार सुबह भी शंकराचार्य ने मीडिया से बात की थी। उन्होंने कहा, हिंदुत्व खतरे में है। जब केवल ड्रेस पहनकर लोग खुद को हिंदू बताने लगेंगे और बार-बार हिंदू-हिंदू कहेंगे, तो हिंदू को खतरा होना स्वाभाविक है। हिंदुत्व को हिंदुओं के बीच घुस आए ऐसे लोगों से खतरा है, जो वास्तव में हिंदू नहीं हैं। दिखावे के लिए खुद को हिंदू बताते हैं।

उन्होंने कहा कि एक-डेढ़ महीने से कहा जा रहा है कि और भी छात्रों का यौन शोषण हुआ है। अगर ऐसा है, तो बाकी लोगों को क्यों बचाकर रखा गया है? अगर किसी के साथ अन्याय हुआ है और सिर्फ दो लोगों से मुकदमा दर्ज कराया गया है, तो इससे पता चलता है कि इसके पीछे साजिश है। जब उन्हें मुफीद होगा, तब उन्हें पेश किया जाएगा।

प्रयागराज पुलिस ने वाराणसी में डेरा डाला

प्रयागराज पुलिस पिछले 3 दिन से वाराणसी में डेरा डाले है। पुलिस उनसे पूछताछ कर सकती है, लेकिन अभी तक आश्रम नहीं पहुंची है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस फिलहाल शंकराचार्य से जुड़े सबूत जुटाने में लगी है। मामला हाई-प्रोफाइल होने से पुलिस फूंक-फूंककर कदम रख रही है। माना जा रहा है, पूरी तैयारी और होमवर्क के बाद ही पुलिस शंकराचार्य या उनके शिष्यों से पूछताछ करेगी।

वहीं, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस शंकराचार्य के समर्थन में उतर आई है। प्रदेश के सभी 75 जिलों में कांग्रेस उनके समर्थन में प्रदर्शन करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *