लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार नौजवान विरोधी है, भाजपा ने नौजवानों को धोखा दिया है। यूपी सरकार की एजेंडे में नौकरी और रोजगार नहीं है। नौजवानों को भ्रमित करने के लिए भाजपा चुनाव के दौरान झूठे वादे करती है। भाजपा ने कभी युवाओं और नौजवानों को हर साल 2 करोड़ नौकरी रोजगार देने का वादा किया था। केंद्र की 11 और प्रदेश की 8 साल सरकार चलाने के बाद भी भाजपा पूरे कार्यकाल में नौजवानों को 2 करोड़ और रोजगार और नौकरी नहीं दे पाई। भाजपा सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाली पार्टी है। किसने युवाओं को सपने दिखाकर भावनात्मक रूप से छलने का काम किया है, भाजपा अभी भी नौजवानों को छलने और झूठ बोलने से बाज नहीं आ रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने संपूर्ण उत्तर प्रदेश के भावी प्राथमिक शिक्षकों को मायूस करके, उन्हें प्रयागराज में नई प्राथमिक शिक्षक भर्ती निकालने के लिए ‘महाधरना’ देने पर मजबूर कर दिया है। 7 सालों से डीएलएड की भर्ती न निकालकर भाजपा सरकार ने साबित कर दिया है कि प्राथमिक शिक्षा उसकी प्राथमिकता ही नहीं है। सच्चाई तो ये है कि भाजपा शिक्षा, स्वास्थ्य, नौकरी-रोज़गार जैसे बुनियादी मोर्चों पर पूरी तरह फ़ेल साबित हुई है। कुल मिलाकर भाजपा एक नाकामयाब सरकार है।
2027 में सपा पूरी करेगी जनता की उम्मीदें
अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले दिनों भाजपा सरकार ने लाखों नौजवानों को 1 लाख 93 हजार शिक्षक भर्ती का शिगूफा छोड़ा। सरकार के सोशल मीडिया एकाउन्ट से पोस्ट किया गया। कुछ देर बाद उसे हटा दिया गया। दरअसल में भाजपा की कार्य प्रणाली यही है, इस सरकार का इतिहास जन भावनाओं से खेलने का रहा है। इसी तरह से इन्वेस्ट मीट को नाम पर बडे़-बड़े आयोजन कर युवाओं को लाखों-करोड़ो नौकरी के सपने दिखाए गये बड़े-बडे़ उद्योगपति आए, लेकिन प्रदेश में कहीं भी फैक्ट्री और कंपनी लगती नहीं दिखी। भाजपा सरकार से सभी को मायूसी हुई है। अब जनता की उम्मीद सिर्फ समाजवादी पार्टी है। 2027 में प्रदेश में सरकार बनाकर समाजवादी पार्टी किसानों, नौजवानों, मजदूर, व्यापारियों सभी की उम्मीदें पूरी करेगी।