उत्तर प्रदेश, राजनीति

अखिलेश यादव ने अयोध्या दीपोत्सव पर उठाया सवाल, यूपी सरकार को लेकर कह डाली ये बात  

अखिलेश यादव ने अयोध्या दीपोत्सव पर उठाया सवाल, यूपी सरकार को लेकर कह डाली ये बात  

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्‍या दीपोत्‍सव पर सवाल उठाए हैं। उन्‍होंने कहा कि सरकार अयोध्या में दीयों पर हर साल बार-बार इतना धन क्यों खर्च कर रही है, यह समझ से परे है। दुनिया के तमाम देशों में क्रिसमस पर महीनों रोशनी रहती है, उनसे सीखना चाहिए। साथ ही कहा कि सपा सरकार बनने पर हर साल कुम्हारों से एक करोड़ दीये खरीदे जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि बुल (सांड) और बुलडोजर के खिलाफ है।

सपा प्रमुख ने कहा कि हमें दीयों और मोमबत्तियों पर पैसा क्यों खर्च करना है? कहा कि मैं कोई सुझाव नहीं देना चाहता, लेकिन भगवान राम के नाम पर एक सुझाव दूंगा। पूरी दुनिया में क्रिसमस के दौरान सभी शहर रोशन हो जाते हैं और यह महीनों तक चलता है। हमें उनसे सीखना चाहिए. हमें दीयों और मोमबत्तियों पर पैसा क्यों खर्च करना है और इसके लिए इतना सोचना क्यों है?

भाजपा के लोगों के सबसे ज्‍यादा अवैध निर्माण

अखिलेश यादव ने प्रदेश सपा मुख्यालय पर शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बरेली और वाराणसी में भाजपा के लोगों के सबसे ज्यादा अवैध निर्माण हैं। उन्‍होंने दिवाली पर बिजली कटौती के सवाल पर कहा कि भाजपा सरकार फुस फुलझड़ी है, इसलिए उससे कोई उम्मीद नहीं रखनी चाहिए। उन्होंने कहा, सीएम योगी आदित्यनाथ बिहार चुनाव में स्टार प्रचारक बनकर नहीं, बल्कि स्टार विभाजक बनकर जा रहे हैं। भाजपा बांटो और राज करो की नीति पर चल रही है।

सपा बुल और बुलडोजर के खिलाफ

जब यह पूछा गया कि क्या सपा सरकार बनने पर इन अवैध निर्माणों को गिराया जाएगा, अखिलेश ने कहा कि सपा बुल और बुलडोजर के खिलाफ है। भाजपा के लोग सांप्रदायिक और नकारात्मक सोच वाले हैं। एनडीए निगेटिव गठबंधन है। उन्होंने कहा कि सपा भेदभाव के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। स्मार्ट सिटी के नाम पर आया बजट लूट लिया गया है। लखनऊ समेत सभी प्रमुख शहर जाम में फंसे हैं। बिजली का निजीकरण करने के लिए पूरी व्यवस्था को खराब कर दिया। प्रदेश का बजट आठ लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का हो गया है, लेकिन विकास का कोई कार्य नहीं दिख रहा है। घरों में चोरिया हो रही हैं। महिलाएं असुरक्षित हैं। सरकार भेड़िया, तेंदुआ और गुलदार के हमले से लोगों को नहीं बचा पा रही है। एक सवाल के जवाब में कहा कि काशी विद्यापीठ में टॉपर छात्र घोषित करने में भेदभाव नहीं होना चाहिए।

अखिलेश दुबे की संपत्तियों पर क्यों नहीं चल रहा बुलडोजर?

सपा अध्यक्ष ने फिर दोहराया कि जेल में बंद कानपुर के अखिलेश दुबे की संपत्तियों पर सरकार बुलडोजर नहीं चलाएगी। सरकार का बुलडोजर सिर्फ कमजोरों पर चल रहा है। यह भी कहा कि अखिलेश दुबे मामले में पुलिस के कई अफसर भी फंस रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी ‘स्टार विभाजक’

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बिहार चुनावी दौरे को लेकर निशाना साधते हुए उन्हें स्टार विभाजक करार दिया। उन्‍होंने मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना कहा कि बिहार में स्टार प्रचारक बनकर नहीं गए, स्टार विभाजक बनकर गए हैं। उन्होंने दावा किया कि बिहार के लोग सीएम योगी को कभी स्वीकार नहीं करेंगे। बिहार के लोग सांप्रदायिक विचारधारा वाले लोगों को कभी स्वीकार नहीं करते। अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के शहरों में बिजली व्यवस्था, यातायात और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की।

योगी सरकार पर उठाया सवाल

पूर्व सीएम ने योगी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि फुस्स फुलझड़ी से दीपावली पर क्या उम्मीद करोगे? जब बिजली ही नहीं बनाई तो दोगे कहां से? जो बिजली बनी है वह समाजवादियों की बनाई हुई है। उन्‍होंने आरोप लगाया कि लखनऊ में हर जगह कूड़ा फैला हुआ है। यह स्मार्ट सिटी है, जिसे बनाने में करोड़ों रुपए खर्च किए गए लेकिन सरकार यातायात व्यवस्था तक नहीं संभाल पा रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि स्मार्ट सिटी और यातायात व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री स्तर पर न जाने कितनी बैठकें हुई हैं, लेकिन हर शहर जाम से जूझ रहा है। जब दिल्ली और लखनऊ की सरकारें स्मार्ट सिटी बना रही थीं और इतना धन आवंटित किया गया, तो आखिर वह जा कहां रहा है?

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *