उत्तर प्रदेश, राजनीति, सोशल मीडिया

Ajay Rai: सिर्फ सत्ता नहीं, कांग्रेस का उद्देश्य जनता के अधिकारों की रक्षा करना भी है

Ajay Rai: सिर्फ सत्ता नहीं, कांग्रेस का उद्देश्य जनता के अधिकारों की रक्षा करना भी है

Ajay Rai News: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं यूपी प्रभारी अविनाश पाण्डेय ने जिला और शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों को निर्देशित करते हुए संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और जनता के बीच कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाने पर विशेष बल दिया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में ब्रज, बुंदेलखंड एवं पश्चिमी जोन के जिला/शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों की बैठक में ये निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में राष्ट्रीय सचिव बुंदेलखंड जोन के प्रभारी नीलांशू चतुर्वेदी, राष्ट्रीय सचिव पश्चिमी जोन के प्रभारी प्रदीप नरवाल भी मुख्य रूप से शामिल रहे। अविनाश पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ताकत उसका कार्यकर्ता है। यदि हमारा प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझे और कांग्रेस की विचारधारा को उन तक पहुंचाया जाएगा तो आने वाले चुनावों में जनता निश्चित रूप से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने का काम करेगी।

कांग्रेस का उद्देश्य जनता के अधिकारों की रक्षा करना है: अजय राय

बैठक में उपस्थित सभी जिला/शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों को सम्बोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि प्रदेश में एक ओर पढे़ लिखे नौजवान रोजगार की तलाश में दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है, किसान अपनी फसलों के उचित दाम के लिए सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं, व्यापारी महंगाई से त्रस्त हैं और प्रदेश की सरकार इस पर मौन है। प्रदेश में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध, लूट, हत्या और भ्रष्टाचार की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं।

प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। अजय राय ने कहा कि ऐसी स्थिति में कांग्रेस पार्टी जनता के हर मुद्दे मजबूती के साथ उठाएगी और उन्हें न्याय दिलाने की लड़ाई लडे़गी। उन्होंने कहा कि आप सभी अपने-अपने क्षेत्र की जनता की आवाज़ को सड़क से सदन तक उठाने के लिए संघर्ष तेज करें, क्योंकि कांग्रेस का उद्देश्य सिर्फ़ सत्ता नहीं बल्कि जनता के अधिकारों की रक्षा करना भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *