उत्तर प्रदेश, राजनीति

दिवाली से पहले जहरीली हुई हवा, देश के 5 में से UP के 4 शहर सबसे ज्‍यादा प्रदूषित

दिवाली से पहले जहरीली हुई हवा, देश के 5 में से UP के 4 शहर सबसे ज्‍यादा प्रदूषित

गाजियाबाद: दिवाली से पहले ही NCR में हवा की गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है। गाजियाबाद जिले की हवा चौथे दिन भी बेहद जहरीली बनी हुई है। नोएडा, हापुड़ और मुजफ्फरनगर की हवा भी खतरनाक स्तर पर है। बीते चार दिनों से गाजियाबाद का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगातार बढ़ रहा है।

रविवार को AQI 334 दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले यह 314 था। देशभर में गाजियाबाद का AQI सबसे अधिक है। गाजियाबाद के लोनी में सबसे ज्यादा प्रदूषण दर्ज किया गया। यहां AQI 344 पहुंच गया, जो रेड जोन में आता है। वसुंधरा में AQI 324, संजय नगर में 335 और इंदिरापुरम में 233 दर्ज किया गया है।

सुबह से सांस लेने में हो रही परेशानी

सुबह और रात के समय हल्की ठंड पड़ रही है। रविवार सुबह न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पर हवा की गुणवत्ता खराब होने के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे हालात में बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।

गाजियाबाद के बाद नोएडा, मुजफ्फरनगर और हापुड़ की हवा भी बेहद खराब श्रेणी में है। देश के पांच प्रमुख शहरों में चार यूपी के हैं। बल्लभगढ़ की हवा भी खराब श्रेणी में दर्ज की गई है।

सोमवार को हवा और खराब होने का अनुमान

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) का पूर्वानुमान है कि सोमवार को हवा और भी खराब श्रेणी में पहुंच सकती है। ऐसे में सांस संबंधी रोगियों के लिए यह और अधिक खतरनाक साबित हो सकता है। लोगों को आंखों में जलन, गले में खराश और अस्वस्थता जैसी समस्या हो सकती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि लोग घर से बाहर निकलते समय मास्क पहनें और बाहर लंबे समय तक रहने से बचें। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। वहीं, प्रशासन ने भी प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है।

अभी ग्रेप-वन लागू है

बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए डीएम रविंद्र मांदड़ के निर्देश पर लोनी और शहर क्षेत्र में कार्रवाई की जा रही है। प्रदूषण विभाग की टीम ने अभियान चलाकर पिछले 4 दिनों में 23 फैक्ट्रियों को सील किया है।

अभी ग्रेप-वन लागू है, जहां नगर निगम द्वारा छिड़काव किया जा रहा है। ग्रेप-वन में सड़क के किनारे भोजनालयों और रेस्‍तराओं में कोयले के इस्‍तेमाल पर रोक होती है। साथ ही इस दौरान खुले में कचरा जलाने पर भी प्रतिबंध लगाया जाता है।

देश में सबसे अधिक AQI वाले 5 शहर

शहर  AQI

गाजियाबाद- 334

नोएडा – 312

मुजफ्फरनगर- 297

बल्लभगढ़- 293

बागपत- 290

यूपी के प्रमुख व एनसीआर के जिलों का AQI

शहर  AQI

दिल्ली- 274

लखनऊ- 148

प्रयागराज- 111

कानपुर- 205

वाराणसी- 104

आगरा- 182

मेरठ- 280.

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *