स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी श्रेयस अय्यर को सिडनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह अभी इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में हैं। रिपोर्ट के अनुसार, उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे मैच के दौरान पसलियों में चोट लगने की वजह से इंटरनल ब्लीडिंग हो रही है।
श्रेयस अय्यर ने तीसरे वनडे में शनिवार (25 अक्टूबर) को बैकवर्ड पॉइंट से पीछे की ओर दौड़ते हुए एलेक्स कैरी का शानदार कैच लिया था। इस दौरान उनकी बाईं पसली में चोट लग गई। इसके बाद वह ड्रेसिंग रूम में लौटे और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। एक सूत्र ने PTI को बताया कि श्रेयस पिछले कुछ दिनों से ICU में हैं। रिपोर्ट आने के बाद इंटरनल ब्लीडिंग का पता चला और उन्हें तुरंत भर्ती करना पड़ा। रिकवरी के आधार पर उन्हें दो से सात दिनों तक ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा, क्योंकि ब्लीडिंग से इंफेक्शन को फैलने से रोकना जरूरी था।

पूरी तरह फिट होने में अय्यर को लगेगा ज्यादा समय
सूत्र ने आगे कहा, चोट के बाद टीम डॉक्टर और फिजियो ने कोई चांस नहीं लिया और उन्हें तुरंत हॉस्पिटल ले गए। अब हालात स्थिर हैं, लेकिन यह जानलेवा हो सकता था। वह एक मजबूत लड़का है और जल्द ही ठीक हो जाएगा। उन्होंने कहा, चूंकि अंदरूनी ब्लीडिंग हुई है, इसलिए उन्हें पूरी तरह फिट होने में ज्यादा समय लगेगा, और इस समय कॉम्पिटिटिव क्रिकेट में उनकी वापसी के लिए कोई निश्चित टाइमलाइन बताना मुश्किल है।
अगले कुछ दिन श्रेयस के साथ सिडनी में ही रहेंगे
BCCI ने सोमवार को बताया कि स्कैन में पता चला है कि उनकी स्प्लीन में चोट लगी है। उनका इलाज चल रहा है, उनकी हालत स्थिर है और वे ठीक हो रहे हैं। BCCI की मेडिकल टीम, सिडनी और भारत के स्पेशलिस्ट डॉक्टरों से सलाह लेकर अय्यर की चोट पर बारीकी से नजर रख रही है। भारतीय टीम के डॉक्टर अगले कुछ दिन श्रेयस के साथ सिडनी में ही रहेंगे, जिससे उनकी रोजाना की प्रोग्रेस का पता चल सके। रिपोर्ट के मुताबिक, उनके माता-पिता का वीजा करवाया जा रहा है, जिससे वे उनसे मिल सकें।