यूपी में बारिश से जगह-जगह जलभराव, नदियां उफान पर; 23 जिलों में अलर्ट जारी

यूपी में बारिश से जगह-जगह जलभराव, नदियां उफान पर; 23 जिलों में अलर्ट जारी

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश के 23 जिलों में मौसम विभाग ने गुरुवार को भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां 30 से 40Km की रफ्तार से हवा चल सकती है। राज्‍य में लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं। पीलीभीत में सबसे ज्यादा हालात खराब हैं। शारदा और देवहा नदी की बाढ़ से टनकपुर और बीसलपुर हाईवे डूब गया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव बुधवार को ट्रैक्टर से अपने दफ्तर पहुंचे। सड़कों और घरों में 5 फीट तक पानी भर गया है। लोग छतों पर गुजारा करने को मजबूर हैं। बाढ़ का पानी जिला मुख्यालय समेत 25 गांवों में घुस गया है। मुख्यालय से महज 3 किमी दूर गांव टहा निवासी गुरदीप सिंह (68) का सोमवार सुबह निधन हो गया था। श्मशान घाट डूबा हुआ है। इसलिए परिजनों ने पानी घटने का इंतजार किया। जब पानी कम नहीं हुआ तो बुधवार को खेत में टीनशेड लगाकर अंतिम संस्कार किया।

गाजियाबाद में यमुना का जलस्‍तर तेजी से बढ़ रहा

हथिनी कुंड बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने से गाजियाबाद में यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। सात गांव बाढ़ की चपेट में हैं। एक मंजिल तक घर डूब गए हैं। मथुरा के वृंदावन में परिक्रमा मार्ग तक पानी पहुंच गया। इसके चलते परिक्रमा पर रोक लगा दी गई। बाढ़ से करीब 900 परिवार प्रभावित हैं। मथुरा में 12वीं तो मेरठ में 8वीं तक आज गुरुवार को स्कूल बंद हैं।

मेरठ में बारिश के चलते 8वीं तक के स्कूल बंद

मेरठ में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के चलते गुरुवार को कक्षा 8 तक स्कूल बंद हैं। डीएम डॉ. वीके सिंह ने आदेश जारी कर परिषदीय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएससी और मदरसा बोर्ड के सभी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।

23 जिलों में बारिश का अलर्ट

शामली, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, संभल, बदायूं, महोबा, झांसी और ललितपुर में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Post Comment

You May Have Missed